संविधान की बदौलत देश की लोकतांत्रिक प्रणाली है मजबूत- विश्राम कुमार मीणा

-हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
-उपायुक्त ने सभी को संविधान प्रस्तावना की दिलाई शपथ
City24news/अनिल मोहनिया
नूंह | हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार शनिवार को लघु सचिवालय के सभागार में हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित हुए।
उपायुक्त ने इस अवसर पर कार्यक्रम में मौजूद स्कूली बच्चों, शिक्षकों व जिला प्रशासन के अधिकारियों व कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत के संविधान की महत्ता को जन-जन तक पहुंचाने और नागरिकों को उनके अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ही हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारत के संविधान के प्रति गर्व और स्वाभिमान की भावना को प्रोत्साहित करना है। यह संविधान, जो हमारे लोकतंत्र का आधार है, न केवल हमारे अधिकारों की रक्षा करता है, बल्कि हमारे कर्तव्यों की ओर भी ध्यान आकर्षित करता है।
उपायुक्त ने सभी को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाते हुए कहा कि हमारा संविधान ही हमारा स्वाभिमान है। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने हर परिस्थिति में आगे बढ़ने का रास्ता दिखाने वाला संविधान दिया है। हमारा संविधान मात्र एक किताब का रूप नहीं है अपितु इसमें भारत की आत्मा बसती है। देश कैसे चलेगा और किस प्रकार से किस रास्ते पर चलेगा, यह संविधान में तय किया गया है। संविधान के द्वारा ही देश चलता है। इसके लिए हम अपने संविधान निर्माताओं का आभार प्रकट करते हैं। उन्होंने कहा कि संविधान की मजबूती के बल पर ही इतना बड़ा लोकतांत्रिक देश चल रहा है। संविधान लोकतंत्र का रक्षक है जो कि देश और समाज का मूलाधार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के कोने-कोने में संविधान को युवाओं तक पहुंचाने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित करवाये जा रहे हैं, जोकि संविधान लागू होने के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पूरे वर्ष आयोजित किए जाएंगे। देश की जनता खासकर युवाओं को संविधान की जानकारी जरूर होनी चाहिए। आने वाली पीढ़ी को संविधान की जानकारी देने के लिए यह अच्छा प्रयास है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे संविधान को अपनाते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं नगराधीश अशोक कुमार, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सुरेंद्र बजाड़ आईटीआई के प्रिंसीपल सुधीर कुमार, एफएलएन कॉआर्डिनेटर कुसुम मलिक, नायब तहसीलदार राजेंद्र हुड्ïडा, चुनाव कानूनगो जयकिशन, जूनियर प्रोग्रामर कुलदीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।