नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार बनेगी भाजपा की सरकार : समय सिंह भाटी।

0

दस सालों में भाजपा ने अपने सभी चुनावी वादों को किया पूरा : भाटी।

City24news/अनिल मोहनियां

नूंह| भारत देश का नाम आज दुनिया में बड़े सम्मान के साथ लिया जाता है। प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज दुनिया में एक शक्तिशाली देश बनकर उभरा है। उक्त बातें मेवात जिले के भाजपा प्रभारी समय सिंह भाटी ने पत्रकार वार्ता के दौरान कही। इस दौरान उनके साथ भाजपा के दर्जन भर नेता भी मौजूद रहे। समय सिंह भाटी ने कहा कि 2014 में भाजपा ने जो भी वादे देश की जनता से किए थे, उन सभी वादों को पूरा करने का काम देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। उन्होंने कहा कि अब 2024 के संकल्प पत्र में सभी बातों को पूरा करने का वादा किया गया है। उन्होंने कहा कि आज देश में हर जगह नए नए रोड़ बनाने का काम किया गया है। इतना ही नहीं आज जहां गरीबों को राशन देने का वादा भी भाजपा ने किया है वहीं हर घर बिजली और पानी पहुंचाने का काम भी भाजपा सरकार में किया जा रहा है। समय सिंह भाटी ने कहा कि पहले अनाज मंडियों में गेंहू और धान की दो ही फ़सल खरीदी जाती थी। लेकिन अब किसानों की सभी फसलों को हरियाणा सरकार द्वारा खरीदा जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश में कांग्रेस की 47 साल सरकार रही लेकिन कांग्रेस ने जो 47 सालों में नहीं किया वो भाजपा ने देश और प्रदेश में 10 सालों में करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जहां देश में वंदे भारत ट्रेन चलाने का काम किया है वहीं देश में बुलेट ट्रेन चलाने की भी योजना बनाई जा रही है। पहले की सरकारों में जहां देश के अन्दर 1 से 5 किलोमीटर तक प्रतिदिन सड़कें बनती थीं वहीं अब देश में 28 से 30 किलोमीटर तक प्रतिदिन सड़कें बन रहीं हैं। मेवात जिले के भाजपा प्रभारी समय सिंह भाटी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा 400 पार जाने का काम करेगी। देश में आज भाजपा के प्रति लोगों का रुझान बढ़ रहा है। देश की जनता अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर भरोसा करने लगी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भी कांग्रेस को लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं, जबकि भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की सूची बहुत पहले जारी कर दी है। जिससे पता चलता है कि हरियाणा में जहां भाजपा सभी दस लोकसभा सीटों को जीत रही है वहीं करनाल से विधानसभा उपचुनाव को भी भारी वोटों से जीतने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि जहां देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की देश के अंदर तीसरी बार सरकार बनने जा रही है। वहीं हरियाणा में भी आगामी विधानसभा चुनाव में तीसरी बार पूर्ण बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed