भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई से पूरी तरह काँप उठा था पाकिस्तान: पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल

-भारत आज पहले से कहीं अधिक सशक्त और मजबूत राष्ट्र और हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर : पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल
-सिवानी तथा बहल में सैनिकों के सम्मान में आयोजित विशाल तिरंगा यात्रा को पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने किया संबोधित
-तिरंगा यात्रा में हजारों की संख्या में शामिल विभिन्न स्कूलों के छात्र छात्राएं और महिलाओं व पुरुषों ने भारत माता के जयकारों से सिवानी व बहल कस्बे को किया गुंजायमान
-पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने सिवानी तथा बहल में करीब 5 किलोमीटर पैदल चलकर तिरंगा यात्रा में भरा जोश
City24news/सोनिका सूरा
सिवानी मंडी | प्रदेश के पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और सूझबूझ की बदौलत भारतीय सेना ने सिंदूर ऑपरेशन के माध्यम से पाकिस्तान के आतंकवादी ठिकानों को सफाया करने का काम किया। भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई से पाकिस्तान पूरी तरह काँप उठा था। परिणाम स्वरूप पाकिस्तान की सेना ने भारत की सेना के आगे घुटने टेक दिए थे। प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में भारतीय सेना ने विश्व को यह दिखा दिया कि भारत आज पहले से कहीं अधिक सशक्त और मजबूत राष्ट्र बन चुका है। भारत हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर है। यह बढ़ते व बदलते भारत की ताकत है। विश्व में भारत ऐसा देश है जो अपने हित में फैसले स्वयं लेता है किसी अन्य देश पर निर्भर नहीं है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ यह लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।
पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल शुक्रवार को सिवानी मंडी तथा बहल में भारतीय सेना के सम्मान में आयोजित विशाल तिरंगा यात्रा के दौरान अपना संदेश दे रहे थे।
सिवानी व बहल में तिरंगा यात्रा के दौरान पूर्व वित मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के बहादुर सैनिकों ने ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया, इससे पूरे विश्व को भारत के शौर्य का संदेश मिला है और देश की प्रतिष्ठा बढ़ी है।
ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से प्रधानमंत्री ने यह संदेश दिया है कि अपने नागरिकों की रक्षा उनके लिए सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि अब तक हमने अनेक सैन्य अभियानों को देखा है, परंतु ऑपरेशन सिंदूर मानवीय, तकनीकी दक्षता और तेज रणनीति की अद्भुत मिसाल है।
हजारों की संख्या में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं,महिलाए और पुरुष तिरंगा यात्रा में शामिल हुए और भारतीय सेना और देश के सम्मान में गगन भेदी नारे लगाए। पूरा माहौल भारत माता के जयकारों से गुंजायमान हुआ। सिवानी में तिरंगा यात्रा नए बस स्टैंड से शुरू होकर तोशाम मोड़ मुख्य बाजार होते हुए गुरेरा मोड, पुराना बस स्टैंड होते हुए लघु सचिवालय परिसर स्थित बाबासाहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के उपरांत संपन्न हुई। इसी प्रकार बहल में नई अनाज मंडी से तिरंगा यात्रा शुरू होकर मुख्य बाजार होते हुए पिलानी मोड, बस स्टैंड मुख्य मार्ग होते हुए ऑटो मार्केट में संपन्न हुई।
पूर्व मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि ने कहा कि पाकिस्तान द्वारा जम्मू कश्मीर के पहलगांव में किए गए आतंकी हमले की दुनिया भर के देशों ने निंदा की। पूरा देश इस घटना से स्तब्ध हुआ, लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को आश्वस्त किया कि पाकिस्तान को इस घटना का करारा जवाब दिया जाएगा। प्रधानमंत्री का यह संदेश दुनिया के सभी देशों ने सुना। भारत वासियों ने प्रधानमंत्री श्री मोदी पर पूरा भरोसा जताया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट कह दिया है कि भारत यदि बात करेगा तो पीओके को वापस लेने की करेगा, पाकिस्तान में छिपे आतंकवादियों को सजा देने के लिए भारत लाने की करेगा। उन्होंने कहा कि भारत में कोई भी आतंकी गतिविधियां होती हैं तो पाकिस्तान की मानी जाएंगी और पाकिस्तान के साथ युद्ध माना जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने तीनों सेनाओं के अध्यक्षों से बात की और उनको अपने हिसाब से सही जवाबी कार्रवाई करने के लिए खुली छूट दी। भारतीय सेना ने बड़ी ही सूझबूझ से पाकिस्तानी आतंकियों के ठिकानों को मिसाइल से नष्ट किया। सैकड़ों आतंकवादी भारतीय सेना ने अपनी जवाबी कार्रवाई से मिट्टी में मिलाए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश भारतीय सेना के पीछे एक जुटता से खड़ा रहा। प्रधानमंत्री ने देशवासियों की तरफ से सेनाओ का निरंतर हौसला बढ़ाया। इसके साथ-साथ पूरी दुनिया को यह चेताया कि आतंकवाद सहन नहीं किया जाएगा। आतंकवाद न केवल भारत के लिए बल्कि पूरी मानवता के लिए खतरा है। भारत ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि यदि पाकिस्तान फिर से ऐसी कोई आतंकी घटना करता है तो उसको युद्ध मानकर इसी तरह से जवाब दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भारत अमन चैन और शांति का समर्थक है और और हमेशा शांति चाहता है।
इस दौरान सिवानी नगरपालिका के चेयरपर्सन वंदना राजेश केडिया ने भी तिरंगा यात्रा को संबोधित किया और अपने जोशीले अंदाज में तिरंगा यात्रा में जोश भरा। उन्होंने भारतीय सेना के अदम्य साहस,वीरता और बहादुरी की प्रशंसा की।
इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक, विभिन्न स्कूलों के छात्र छात्राएं और महिलाएं उपस्थित रही।