अमेरिका द्वारा भारतीयों संग अमानवीय व्यवहार पर नूंह में महताब की अगुवाई में प्रदर्शन
![](https://city24news.in/wp-content/uploads/2025/02/IMG-20250207-WA00091-1024x768.jpg)
ये बीजेपी केंद्रीय सरकार की कूटनीतिक विफलता: महताब अहमद
City24news/अनिल मोहनिया
नूंह | कांग्रेस जिला नूंह समन्वयक चौधरी महताब अहमद के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अमेरिका द्वारा भारतीय प्रवासियों के साथ किए गए अमानवीय व्यवहार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस मुख्यालय नूंह पर कांग्रेस कार्यकर्ता अमेरिकी सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते दिखाई दिए। केंद्रीय भाजपा सरकार पर भी कांग्रेसी आक्रोशित दिखे।
कांग्रेस नेता महताब अहमद ने कहा कि
कांग्रेस पार्टी अमेरिका सरकार की इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करती है, जिसमें 180 भारतीय प्रवासियों को हथकड़ी लगाकर रखा गया और 40 घंटे तक भोजन-पानी तक नहीं दिया गया।
महताब अहमद ने कहा कि इतनी गंभीर स्थिति के बावजूद केंद्र की भाजपा सरकार ने अमेरिका से कोई स्पष्टीकरण नहीं मांगा, जो भारतीय नागरिकों के अधिकारों की रक्षा में भाजपा सरकार की विफलता को दर्शाता है।
इसी दौरान कांग्रेस के दिग्गज नेता व स्थानीय विधायक आफताब अहमद ने अपने वक्तव्य में कहा कि ये सरासर अमानवीय और असहनीय है, प्रवासी भी इंसान होते हैं और वो अन्य लोगों की तरह ही सम्मान और प्रतिष्ठा के हकदार होते हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की प्रमुख मांगें हैं की भारत सरकार अमेरिकी प्रशासन से इस अमानवीय व्यवहार पर तत्काल स्पष्टीकरण मांगे और विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और सम्मान की रक्षा सुनिश्चित करे।
विधायक आफताब अहमद ने कहा कि डिपोर्टेशन प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए भारतीय सरकार अमेरिका सरकार से कड़ा विरोध जताए और पीड़ित भारतीय प्रवासियों को हरसंभव कानूनी व राजनयिक सहायता प्रदान की जाए।
कांग्रेस जिला समन्वयक महताब अहमद ने बताया कि कांग्रेस पार्टी ने राष्ट्रपति से भी आग्रह किया है कि वे केंद्र सरकार को निर्देश दें कि इस गंभीर मामले में अमेरिकी प्रशासन से कड़ी आपत्ति जताई जाए। प्रत्येक भारतीय नागरिक के सम्मान और सुरक्षा की रक्षा करना भारत सरकार की जिम्मेदारी है, और कांग्रेस इस विषय पर कोई समझौता स्वीकार नहीं करेगी।