संविधान बचाओ अभियान को घर-घर लेकर जाएं कार्यकर्ता: भूपेंद्र सिंह हुड्डा 

0

-संविधान देश की रूह, जिसे कुचल रही है भाजपा सरकार: आफताब अहमद 
City24news/अनिल मोहनिया
नूंह | नूंह में कांग्रेस पार्टी के संविधान बचाओ अभियान के अंतर्गत सभा का आयोजन किया गया। सभा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्‌डा मुख्य रूप मौजूद रहे लेकिन प्रदेश अध्यक्ष उदयभान और सांसद दिपेंद्र सिंह हुड्डा नहीं पहुंचे सके। 

पूर्व मुखयमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस समय देश का संविधान खतरे में है। हम सभी को संघर्ष कर उसे बचाना है। इस दौरान पहलगाम हमले में मारे गए लोगों के लिए खिराज ए अकीदत पेश की गई। 

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि संविधान और भाईचारे को बचाने का प्रण हर कांग्रेस कार्यकर्ता करे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संदेश को प्रदेश के घर घर में लेकर जाना है। उन्होंने अपने पिता जी स्वतंत्रता सैनानी रणबीर हुड्डा को याद करते हुए बताया कि मेवात से उनके परिवार का पुराना और गहरा रिश्ता रहा है। बंटवारे के दौरान यहां के भाईचारे और संविधान सभा के सदस्य के रुप में उन्होंने मेवात को मान सम्मान दिया था।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि पंजाब को हरियाणा के हिस्से का एक-एक बूंद पानी देना चाहिए और इस मामले में प्रदेश कांग्रेस का रुख हरियाणा सरकार के साथ है। 

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा को आश्वासन दिया कि संविधान बचाओ अभियान को घर-घर लेकर जाया जाएगा और संविधान बचाने के लिए हर संघर्ष के लिए तैयार हैं। 

वहीं कांग्रेस विधायक आफताब अहमद ने कहा कि

देश में अघोषित आपातकाल जैसा माहौल है, संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को गिराया जा रहा है और नफरत की राजनीति का बोलबाला है। आज वही लोग संविधान की दुहाई दे रहे हैं, जिन्होंने कभी इसकी प्रतियां जलाई थीं। बाबा साहब आंबेडकर ने जिस संविधान के माध्यम से सबको बराबरी का अधिकार दिया, आज उसी की मूल भावना को कुचला जा रहा है। कांग्रेस पार्टी संविधान की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी और जनता को जागरूक कर इस तानाशाही सोच के खिलाफ खड़ा करेगी।

विधायक आफताब अहमद ने कहा कि किसी भी मुल्क का मीडिया वहां के लोकतंत्र का मुख्य स्तंभ माना जाता है भारत में प्रेस की स्वतंत्रता की स्थिति 151 वें स्थान के साथ चिंताजनक है। मीडिया का काम सरकार से सवाल करने, उनकी कमियों को उजागर करने का होता है लेकिन आज भारत में मीडिया सरकार के गुणगान का जरिया और समाज को बांटने का काम कर रहा है।

विधायक आफताब अहमद ने नेशनल हेराल्ड मामले में कहा कि गांधी परिवार को बिना वजह फंसाया जा रहा है जो पूरी तरह से राजनैतिक द्वेष से प्रेरित है। जिस तरह से न्यायपालिकाओं पर भी जोर डालने की कोशिशें हो रही हैं ये लोकतंत्र और संविधान के लिए कतई उचित नहीं कही जा सकती हैं। 

विधायक आफताब अहमद ने कहा कि लोकतंत्र की खूबी ये है कि सभी को समान अवसर प्राप्त हों अब हाल ही में कांग्रेस विशेषकर श्री राहुल गांधी की अहम मांग पर भाजपा सरकार जाती जनगणना कराने के लिए राजी हुई है, सरकार इसे सही तरह जिम्मेदारी से कराये इससे सभी को समान न्याय जरुर मिलेगा।

विधायक आफताब अहमद ने कहा कि जब हम अपनी आज़ादी के लिए लड़ रहे थे, तो ब्रिटिश शासन को खत्म करना और बेहतर भविष्य की कल्पना करना हमारे सौ साल लंबे स्वतंत्रता संग्राम के साथ-साथ चल रहा था। समाज सुधारकों, राजनीतिक नेताओं, दार्शनिकों, लेखकों और क्रांतिकारियों के काम और विचार भविष्य के गणतंत्र को आकार देने के लिए एकत्रित हो रहे थे।

कांग्रेस के हरियाणा सह प्रभारी जितेंद्र बघेल ने कहा कि पूरी कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक संविधान बचाओ अभियान चलाकर संविधान की रक्षा कर रही है। ये संघर्ष लगातार जारी रहेगा, कांग्रेस संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

वहीं कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज ने कहा कि यह अभियान चलाने की जरूरत देश के अंदर परिस्थिति को देखकर पड़ी है। उन्होंने बताया जो हालत इस समय देश में हैं वह संविधान के ढांचों पर प्रहार है।

 विधायक मामन खान इंजीनियर ने कहा कि 

समय की मांग को समझते हुए, डॉ. भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में हमारी संविधान सभा ने हमारे स्वतंत्रता आंदोलन के मूल्यों और आम जनता की इच्छाओं को हमारे संविधान में समाहित करने का प्रयास किया। लगभग तीन वर्षों की कड़ी मेहनत के बाद, 26 नवंबर, 1949 को, हमने अपने संविधान की प्रस्तावना के माध्यम से “भारत को एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य बनाने” का संकल्प घोषित किया। हमारे संविधान के मूल्य उन लाखों लोगों के खून और पसीने का प्रतिनिधित्व करते हैं जिन्होंने संघर्ष किया और अपनी जान दे दी ताकि आने वाली पीढ़ियाँ एक स्वतंत्र भारत में सांस ले सकें। लेकिन भाजपा सरकार आज के वक्त बांटने की राजनीति कर रही है। 

नूंह कांग्रेस संयोजक महताब अहमद ने कहा कि 

पिछले दस वर्षों में हमारे संविधान में परिकल्पित आधार से काफी हद तक पीछे हटने का अनुभव हुआ है। हमारे संविधान ने एक धर्मनिरपेक्ष राजनीति की रूपरेखा तैयार की, जिसमें राज्य सभी धार्मिक संप्रदायों से समान दूरी बनाए रखता है। ऐसा सभी के साथ निष्पक्ष व्यवहार सुनिश्चित करने और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए किया गया था। आज धर्मनिरपेक्ष व्यवस्था को व्यवस्थित रूप से खत्म किया जा रहा है।

पूर्व विधायक तावडू शहीदा खान ने कहा कि 

आरएसएस ने कभी भी हमारे संविधान, समानता, धर्मनिरपेक्षता या अल्पसंख्यकों और वंचित वर्गों के लिए सुरक्षा के सिद्धांत को स्वीकार नहीं किया। उन्होंने लोकतांत्रिक ढांचे का विरोध किया और अंग्रेजों के साथ मजबूती से खड़े रहे। संविधान के प्रति उनकी अवमानना में कुछ भी नया नहीं है।

बता दें कि कांग्रेस का ये कार्यक्रम नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दिशा-निर्देश पर हर जिले में आयोजित किया जा रहा है जो ब्लॉक स्तर तक जाएगा। 

इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सहित हजारों लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *