WFI को निलंबित कर सरकार ने बृजभूषण शरण सिंह को दिया बड़ा संदेश

0

City24news@ब्यूरो

नई दिल्ली। हाल ही में चुने गए भारतीय कुश्ती संघ पर केंद्र सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है। खेल मंत्रालय द्वारा पूरी फेडरेशन को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया गया है, तो वहीं रेसलिंग फेडरेशन ऑफ़ इंडिया के अध्यक्ष संजय सिंह समेत सभी सदस्यों को भी निलंबित कर दिया गया है। खेल मंत्रालय द्वारा इस आदेश में संजय सिंह द्वारा जारी सभी आदेशों पर रोक लगा दी गई है।
भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के चुनाव के बाद से ही और अध्यक्ष बनने के बाद से ही संजय सिंह विवादों में थे। चुनाव के बाद पहलवान साक्षी मलिक ने संजय सिंह को पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सिंह का करीबी होने का आरोप लगाते हुए कुश्ती से संन्यास ले लिया था।
खेल मंत्रालय द्वारा नोटिस में बृजभूषण सिंह को साफ संदेश दिया गया है। नोटिस में कहा गया है कि ऐसा लगता है कि नवनिर्वाचित फेडरेशन खेल एथिक्स की अवहेलना करते हुए पूर्व पदाधिकारियों के कंट्रोल में है। नोटिस में आगे कहा गया है कि फेडरेशन का कारोबार पूर्व पदाधिकारियों के नियंत्रण वाले परिसर से चलाया जा रहा है, जहां खिलाड़ियों के यौन उत्पीड़न का आरोप लगा था और ये मामला अदालत में चल रहा है। बता दें कि भारतीय कुश्ती संघ (WFI) चुनावों के नतीजों का ऐलान होने के बाद बृजभूषण शरण सिंह ने कई बयान दिए और संजय सिंह को अपना करीबी बताया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *