“वोट चोर, गद्दी छोड़” महारैली में सोहना-तावडू से शाहीन शम्स की मजबूत मौजूदगी
City24News/अनिल मोहनिया
नूंह | दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित “वोट चोर, गद्दी छोड़” महारैली में लोकतंत्र को बचाने और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हाथ मजबूत करने का संकल्प लिया गया। इस विशाल जनसभा में हरियाणा के सोहना-तावडू विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस नेता शाहीन शम्स सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ शामिल हुए और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार आवाज बुलंद की।
महारैली में पहुंचने पर शाहीन शम्स के नेतृत्व में आए कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। हाथों में पार्टी के झंडे और लोकतंत्र बचाओ के नारे लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने रामलीला मैदान को कांग्रेसमय बना दिया। इस दौरान शाहीन शम्स ने कहा कि आज देश में लोकतंत्र और संविधान पर खतरा मंडरा रहा है, जिसे बचाने के लिए आम जनता को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश की आवाज बनकर जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं और इस आंदोलन को मजबूत करना हर कांग्रेस कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। शाहीन शम्स ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने जनता के जनादेश का अपमान किया है और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का काम किया है, जिसे देश की जनता अब और बर्दाश्त नहीं करेगी।
महारैली के माध्यम से कांग्रेस ने साफ संदेश दिया कि लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी पूरी मजबूती के साथ सड़क से संसद तक संघर्ष जारी रखेगी। सोहना-तावडू क्षेत्र से शाहीन शम्स और उनके कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी ने यह साबित कर दिया कि हरियाणा की जनता भी इस लड़ाई में पूरी तरह से कांग्रेस के साथ खड़ी है।
