नूंह विधायक आफ़ताब अहमद की अगुवाई में हजारों लोग पहुंचे दिल्ली
-वोट चोर गद्दी छोड़ दिल्ली महारैली में भीड़ ने तोडे रिकॉर्ड
City24News/अनिल मोहनिया
नूंह | दिल्ली में आयोजित कांग्रेस की वोट चोर-गद्दी छोड़ रैली में शामिल होने के लिए नूंह विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में कांग्रेसी दिल्ली के लिए रवाना हुए। नूंह विधानसभा क्षेत्र से विधायक आफताब अहमद के नेतृत्व में कार्यकर्ता आई एम टी एरिया सोहना में एकत्रित हुए, जहां विधायक की मौजूदगी में नारेबाजी करते हुए सभी कांग्रेसी वाहनों से दिल्ली के लिए रवाना हुए।
पी सी सी सदस्य चौधरी महताब अहमद ने बताया कि नूंह से लगभग 4 दर्जन बसों और 500 कारों के काफिले के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली महारैली में विधायक चौधरी आफताब अहमद के नेतृत्व में पहुंचे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अपने नेता राहुल गांधी के विचारों को सुनने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
आईएमटी सोहना पहुंचकर कांग्रेस विधायक आफताब अहमद और पीसीसी सदस्य चौधरी महताब अहमद ने हजारों की संख्या में पहुंचे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि “कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ की हड्डी है और आप ही कांग्रेस की ताकत हैं।”
बता दें कि दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की महारैली है। महताब अहमद ने बताया कि कांग्रेस की महारैली में हर बूथ से कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं। लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओ ने रैली को संबोधित किया।
विधायक आफताब अहमद ने कहा कि भाजपा की वोट चोरी को पूरे देश में उजागर किया जा रहा है। भाजपा और चुनाव आयोग की साठगांठ से मतदाता सूची में गड़बड़ी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हमें भाजपा के खिलाफ एकजुट होना होगा।
