केंद्रीय मंत्री के बयान से आया सियासी भूचाल
– बादशाहपुर, नांगल चैधरी व अटेली में कार्यकर्ताओं के बीच हो रही चर्चा
City24News/सुनील दीक्षित
कनीना | केंद्रीय मंत्री द्वारा हाल ही में एक टीवी चैनल को दिए गए साक्षात्कार में उनकी स्पष्टवादिता के बयानों से प्रदेश की सियासत में भूचाल आ गया है। ‘राव’ साहब ने एक साथ कई राजनेताओं पर एक साथ निशाना साधा है जिन्हें लेकर अब कार्यकर्ता तरह-तरह के मायने निकाल रहे हैं। बादशाहपुर के विधायक एवं मंत्री, नांगल चैधरी के पूर्व विधायक तथा अटेली हलके पूर्व विधायक के कार्यकर्ता उन पर लगाए गए आरोपों को भ्रामक और दुर्भावनापूर्ण बता रहे हैं। उनका मानना है कि पूर्व विधायक अटेली के विधायक ने चुनाव के समय उनके साथ रहते हुए पूरा सहयोग किया। चुनाव के दौरान दिन-रात मेहनत कर, ईमानदारी से पार्टी संगठन के लिए कार्य किया नतीजतन ‘मंत्री पुत्री’ चुनाव जीत सकी। कार्यकर्ता राजेंद्र सिंह, हनुमान सिंह, रतन सिंह, सतबीर सिंह ने कहा कि अटेली की जनता भली-भांति जानती है कि सीताराम यादव जमीन से जुड़े, सादगी से परिपूर्ण जनप्रिय नेता हैं। उनके कार्यकाल में हुए विकास कार्य जनता की जुबान पर हैं। वे आज भी बिना पद के जनता के हर सुख-दुख में खड़े रहते हैं। कार्यकर्ताओं ने राव इंद्रजीत सिंह के बयान पर खिन्नता जाहिर की है।
