इनेलो के बढ़ते ग्राफ को लेकर राजनीतिक दलों में मची हलचल
-4 फरवरी को महेंद्रगढ़ में आयोजित होगा युवा कार्यकर्ता सम्मेलन
-सम्मेलन में कर्ण चौटाला करेगें युवाओं को सम्बोधित
City24News/सुनील दीक्षित
कनीना | इनेलो के लगातार बढ़ते ग्राफ को देखकर विभिन्न राजनीतिक दल चिंतित हैं। ये विचार इनेलो के अटेली विधानसभा प्रभारी एडवोकेट सुधीर यादव ने व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि इनेलो की ओर से आगामी 4 फरवरी को महेंद्रगढ़ में विशाल युवा कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। जिसमें मुख्य अतिथि कर्ण चौटाला होगें। इस सम्मेलन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं युवाओं में भारी उत्साह बना हुआ है। उन्होंने बताया कि कर्ण चैटाला का महेंद्रगढ़ आगमन जिले की राजनीति में एक नया जोश और ऊर्जा का संचार करेगा। सुधीर यादव ने कहा कि प्रदेश के युवा वर्तमान समय में बेरोजगारी और नशे की जकडन में हैं। जगह-जगह ‘हुक्काबार’ चलते दिखाई दे रहे हैं वहीं अन्य नशीले पदार्थों का कारोबार जोर पकड़ रहा है। जिसका समाज पर व्यापक रूप से असर पड़ रहा है। इस युवा सम्मेलन के माध्यम से इनेलो युवाओं की आवाज को बुलंद करने और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि महेंद्रगढ़ जिले के लिए यह सम्मेलन ‘संजीवनी’ का काम करेगा। जिसमें हजारों की संख्या में युवा कार्यकर्ता भाग लेंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से गांव-गांव जाकर जनसंपर्क शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में नांगल चौधरी में आयोजित समारोह में पूर्व विधायक राधेश्याम शर्मा हजारों कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला के सानिध्य में पार्टी में शामिल हुए हैं। जिससे पार्टी संगठन मजबूत हुआ है।
