तावड़ू में न्यायालय के शुभारंभ से जनता को मिलेगा लाभ – न्यायमूर्ति एन.एस. शेखावत

0

City24News/अनिल मोहनिया
नूंह | पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति एन.एस. शेखावत ने शुक्रवार को उपमंडल तावड़ू न्यायालय का उद्ïघाटन किया तथा पुन्हाना में लघु सचिवालय शिफ्ट किए न्यायालय परिसर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उनके साथ जिला एवं सत्र न्यायाधीश डा. सुशील कुमार गर्ग भी उपस्थित रहे। 

 उपमंडल तावड़ू में आयोजित उद्ïघाटन कार्यक्रम में न्यायमूर्ति एन.एस. शेखावत ने कहा कि जिला नूंह में आज का दिन न्याय, विश्वास व सशक्तिकरण के ऐतिहासिक अध्याय के रूप में जाना जाएगा। जिले के न्यायिक ढांचे को नई ऊर्जा मिली और आमजन को न्याय के और अधिक निकट लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। यह पहल नूंह जिले के न्यायिक मानचित्र पर एक मील का पत्थर सिद्ध होगी। जिला नूंह में न्यायिक व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज उपमंडल तावड़ू न्यायालय में दो कोर्ट शुरू की गई हैं, जिससे आम जनता को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि आज से तावडू में पहली बार अदालत का संचालन शुरू हुआ है, जिसके चलते अब क्षेत्रवासियों को न्यायिक कार्यों के लिए दूर-दराज़ के न्यायालयों में नहीं जाना पड़ेगा। यह न्यायालय त्वरित न्याय, पारदर्शिता तथा संवेदनशील प्रशासन की दिशा में एक सशक्त पहल है। यहां पर न्यायालय बनाने की बहुत पुरानी मांग थी, जिसे माननीय पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय द्वारा पूरा कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि तावडू में दो न्यायालय शुरू किए गए हैं, जिनमें एक उप-मंडल न्यायिक मजिस्ट्रेट रूपा तथा दूसरी जेएमआईसी बेनिक की अदालत शामिल है। दोनों न्यायाधीशों की नियुक्ति हो चुकी है और उन्होंने आज से अपना कार्यभार भी संभाल लिया है। भविष्य में जब भी जिला नूंह की न्यायिक व्यवस्था का इतिहास लिखा जाएगा, तब इन दोनों महिला न्यायाधीशों का नाम विशेष रूप से उल्लेखित किया जाएगा, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि बहुत जल्दी ही तावड़ू में करीब 8 एकड़ में नए न्यायिक परिसर की आधारशिला रखी जाएगी, जिसमें पांच कोर्ट व न्यायधीशों के लिए पांच आवासीय भवन बनाए जाएंगे तथा साथ ही वकीलों के चेंबर्स भी होंगे। उन्होंने कहा कि तावड़ू में नई अदालत शुरू होने से यहां की जनता को न्यायिक कार्यों संबंधी काफी सहूलियत मिलेगी। उन्होंने कहा कि मेवात क्षेत्र की जनता का स्वतंत्रता आंदोलन में भी अहम योगदान रहा है और यहां के लोग अपनी बहादुरी के लिए जाने जाते हैं। जो लोग बहादुर होते हैं, वे न्यायप्रिय भी होते हैं। 

*पुन्हाना में नए न्यायिक परिसर का शुभारंभ*

 न्यायमूर्ति एन.एस. शेखावत ने इससे पहले उपमंडल पुन्हाना में लघु सचिवालय में शिफ्ट किए गए न्यायालय परिसर का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि पुन्हाना में करीब 11 एकड़ भूमि पर नए न्यायालय परिसर का शिलान्यास हो चुका है। यहां पर जल्द निर्माण प्रक्रिया को पूरा करवाया जाएगा, जिसके बाद न्यायिक कार्यों के लिए उपमंडल पुन्हाना की जनता, अधिवक्ताओं, वादकारियों तथा न्यायालयीन स्टाफ को एक सुव्यवस्थित, आधुनिक एवं सुविधाजनक कार्य वातावरण उपलब्ध होगा, जिससे न्यायिक प्रक्रिया अधिक सुचारु, पारदर्शी एवं प्रभावी रूप से संचालित हो सकेगी।

 जिला एवं सत्र न्यायाधीश डा. सुशील कुमार गर्ग ने इन कार्यक्रमों में न्यायमूर्ति एन.एस. शेखावत का स्वागत किया और जिला नूंह में उपमंडल तावड़ू न्यायालय का शुभारंभ करने तथा पुन्हाना में नए परिसर का शुभारंभ करने पर उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन न्यायालयों को शुरू करने के लिए न्यायमूर्ति एन.एस. शेखावत द्वारा बहुत ही सकारात्मक सहयोग व मार्गदर्शन दिया गया। इससे नूंह में न्यायपालिका को काफी मजबूती मिली है। 

 उपायुक्त अखिल पिलानी ने भी न्यायमूर्ति एन.एस. शेखावत का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से आज जिला नूंह को न्यायिक मजबूती के लिए नए सौगातें मिली हैं, जिससे तावड़ू व पुन्हाना की जनता को काफी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा भी इस तरह के विकास कार्यों में हमेशा न्यायपालिका का सहयोग किया जाएगा। 

*जिला न्यायालय नूंह में संवाद एवं निरीक्षण*

नूंह जिला न्यायालय आगमन पर न्यायमूर्ति एन.एस. शेखावत का अधिवक्ताओं, न्यायाधीशों एवं कर्मचारियों द्वारा स्वागत किया गया। इसके उपरांत जिला बार एसोसिएशन, नूंह में अधिवक्ताओं के साथ विस्तृत संवाद आयोजित हुआ, जिसमें न्यायिक प्रक्रियाओं को और अधिक जनोन्मुखी, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया गया। न्यायमूर्ति ने जिला न्यायालय परिसर का निरीक्षण कर न्यायिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा अधोसंरचना विकास, सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। 

 कार्यक्रम में बार एसोसिएशन नूंह के प्रधान मकसूद अहमद, एडवोकेट नूरद्दीन नूर, नरेंद्र सिंह, आनंद यादव ने भी न्यायमूर्ति एन.एस. शेखावत का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर फैमिली कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश राजेश भांकर, एडीजे डा. आशु संजीव टिंजन, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, डालसा की सचिव एवं सीजेएम नेहा गुप्ता, सीजेएम छवि गोयल, उपमंडल मजिस्ट्रेट तावड़ू रूपा व सिविज जज बेनिका, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी प्रदीप सिंधु, डीएसपी अभिमन्यु लोहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *