फरवरी तक पुनः खुलेगा एचकेआरएनएल पोर्टल।

0

City24News/अनिल मोहनिया
नूंह | पात्र अनुबंध कर्मचारियों का डेटा दोबारा किया जाएगा पोर्ट।

हरियाणा सरकार ने विभिन्न विभागों, बोर्डों और निगमों के निरंतर अनुरोधों को ध्यान में रखते हुए हरियाणा कौशल रोजगार निगम लिमिटेड (एचकेआरएनएल) के पोर्टल को एक बार फिर से खोलने का निर्णय लिया है। इस निर्णय के तहत पात्र अनुबंध कर्मचारियों का डेटा पुनः पोर्ट किया जा सकेगा।

मुख्य सचिव कार्यालय द्वारा जारी आदेशों के अनुसार 20 फरवरी, 2026 तक एचकेआरएनएल पोर्टल पर एक अलग विशेष विंडो खोली जाएगी। यह विंडो केवल उन विभागों, बोर्डों और निगमों के अनुबंध कर्मचारियों के लिए मान्य होगी, जिनकी स्वीकृति अनुबंध कर्मियों की तैनाती नीति, 2022 के तहत वित्त विभाग से पहले ही प्राप्त हो चुकी है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित विभाग को वित्त विभाग से प्राप्त स्वीकृति की प्रति पहले एचकेआरएनएल पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। स्वीकृति अपलोड होने के उपरांत ही उस विभाग के लिए पोर्टल खोला जाएगा, ताकि पात्र अनुबंध कर्मचारियों का विवरण दर्ज किया जा सके।

यह पोर्टल विशेष रूप से उन अनुबंध कर्मचारियों का डेटा अपलोड करने के लिए पुनः खोला जा रहा है, जिन्हें 31 मार्च, 2022 या उससे पूर्व नियुक्त किया गया था और जो वर्तमान में सेवा में कार्यरत हैं। इस पहल का उद्देश्य ऐसे कर्मचारियों को हरियाणा अनुबंध कर्मचारी सेवा सुरक्षा अधिनियम, 2024 के अंतर्गत प्रदत्त लाभ सुनिश्चित करना है।

इससे पूर्व 13 अगस्त, 2024 को जारी निर्देशों के तहत एचकेआरएनएल पोर्टल को 30 सितंबर, 2024 तक खोला गया था तथा सभी संबंधित विभागों, बोर्डों और निगमों को निर्धारित समयावधि में डेटा अपलोड करने के निर्देश दिए गए थे।

सभी संबंधित विभागों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए पात्र अनुबंध कर्मचारियों का डेटा पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करना सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी कर्मचारी को लाभ से वंचित न रहना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *