महान खेल विभूति सुरेश कलमाड़ी को एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि।
–एथलेटिक्स हरियाणा की तरफ से राजकुमार मिटान सदस्य ग्रीवेंस कमेटी ए एफ आई और प्रदीप मलिक महासचिव एथलेटिक्स हरियाणा मुख्य रूप से हुए शामिल
City24News/ओम यादव
दिल्ली | नयी दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (ए एफ आई) के द्वारा भारतीय खेल जगत की महान विभूति सुरेश कलमाड़ी के देहांत उपरांत शनिवार को शोक सभा का आयोजन किया गया,इस शोक सभा में देश के सभी खेल संघों के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
सत्यवीर धनखड फरीदाबाद मीडिया प्रभारी खेल ने जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि भारतीय एथलेटिक्स के एक दिग्गज प्रशासक सुरेश कलमाड़ी के निधन पर एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) ने वेबीनार के माध्यम से श्रद्धांजलि दी। कलमाड़ी ने एएफआई के अध्यक्ष के रूप में लगभग दो दशकों तक काम किया और भारतीय एथलेटिक्स के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
एएफआई के अध्यक्ष बहादुर सिंह सगू ने कहा सुरेश कलमाड़ी एक समर्पित और प्रेरणादायक खेल प्रशासक थे, जिन्होंने भारतीय एथलेटिक्स के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।
डाक्टर ललित के भनोट अध्यक्ष दक्षिण एशिया एथलेटिक्स महासंघ एवं एएफआई के पूर्व महासचिव ने कहा कलमाड़ी जी का निधन एक व्यक्तिगत क्षति है। उन्होंने भारतीय खेलों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
राजकुमार मिटान सदस्य ग्रीवेंस कमेटी एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने कहा कि कलमाड़ी ने 1996 से 2011 तक भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष के रूप में भी काम किया और 2010 के राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन समिति के अध्यक्ष थे। उनके नेतृत्व में भारत ने 2008 के बीजिंग ओलंपिक्स में अपना पहला व्यक्तिगत ओलंपिक स्वर्ण पदक जीता।
प्रदीप मलिक महासचिव एथलेटिक्स हरियाणा ने अपने शोक संदेश में कहा कि सुरेश कलमाड़ी एक कुशल खेल प्रशासक रहे और उन्होंने भारतीय ओलम्पिक संघ में पद पर आसीन रहते हुए सभी खेल संघों के पदाधिकारियों के साथ सामंजस्य बिठाकर खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर कार्य किया।
ए एफ आई द्वारा आयोजित शोक सभा में विजय माला भनोट,नरेंद्र बत्रा कार्यकारी अध्यक्ष भारतीय ओलम्पिक संघ, राजीव मेहता महासचिव भारतीय ओलम्पिक संघ, आदिल जे सुमारीवाला,रविन्द्र चौधरी, मधुकांत पाठक,संदीप मेहता,अंजू बॉबी जार्ज,चरण सिंह राठी आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
