अतिक्रमण हटाओ अभियान से प्रभावित दुकानदारों ने किया नपा कार्यालय कूच

0

-सामान लोडिंग-अनलोडिंग करते समय दुकानदार शटर से तीन फुट जगह कर सकेंगे इस्तेमाल, मौखिक सहमति बनी
City24News/सुनील दीक्षित

कनीना | नगर पालिका प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान से प्रभावित हुए दुकानदारों ने बुधवार को एकत्रित होकर नपा कार्यालय की ओर रुख किया। जहां उन्होंने नपा प्रधान डाॅ रिम्पी लोढ़ा व अन्य पार्षदों के साथ दुकानों के आगे बनाए गए नाले तक सामान रखने की छूट प्रदान करने की मांग की। नपा प्रधान डाॅ रिम्पी लोढ़ा ने कहा कि अतिक्रमण के चलते आए दिन सड़क जाम होने की शिकायतें मिलती हैं। जिसे लेकर दुकानदारों को बार-बार अवगत कराया गया है। समस्या बढ़ने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाता है। उन्होंने कहा कि कहीं पर दुकानें सड़क से दूर हैं तो कहीं सडक के साथ लगी हुई हैं। दुकानदार दुकान के शटर तक अपना सामान रखें बाहर सामान रखने से व्यवधान उत्पन्न होता है। नपा प्रशासन व दुकानदारों में काफी देर तक मंथन होता रहा। अंततः दुकान में सामान उतारते-चढ़ाते समय शटर से अधिकतम तीन फुट तथा ग्राहकों के बारिश व धूप से बचने के लिए छह फुट तक टीन शेड लगाने की मौखिक सहमति बनी। जिस पर दुकानदारों ने राहत की सांस ली।
बता दें कि हाल ही में नपा दस्ते की ओर से अतिक्रमण हटाते समय दुकानदारों व नपा कर्मचारियों के बीच झड़प की नौबत आ गई थी। जिसे लेकर दोनों ओर से मामला पुलिस थाने तक पहुंच गया था। नपा कर्मचारी कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर भी बैठ गए थे। लगातार बढते तनाव को देखते हुए नपा चेयरपर्सन व पार्षदों ने बीच-बचाव किया था।  
बैठक में नगरपार्षद नितेश गुप्ता, राजकुमार यादव, होशियार सिंह, नीलम देवी, सवाई सिंह, डॉ अजीत शर्मा, सुभाष यादव, अमित कुमार, धर्मेंद्र सिंह विकास कुमार, विजय कुमार सहित अन्य दुकानदार उपस्थित थे।
कनीना-नपा कार्यालय कनीना में आयोजित बैठक में हिस्सा लेते दुकानदार व अन्य।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *