फिरोजपुर झिरका में अतिक्रमण के खिलाफ एसडीएम का विशेष अभियान
-सड़क पर वाहन खड़ा करने वालों को चेतावनी, आगे से होंगे चालान व वाहन जब्त
City24News/अनिल मोहनिया
नूंह | उपमंडल फिरोजपुर झिरका में सड़क पर बढ़ते अतिक्रमण एवं अव्यवस्थित वाहन पार्किंग की समस्या को लेकर एसडीएम लक्ष्मी नारायण ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में मंगलवार को शहर के प्रमुख अंबेडकर चौक पर एसडीएम के नेतृत्व में अतिक्रमण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान जैसे ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची, सड़क पर अनियंत्रित रूप से खड़े वाहनों के चालकों में अफरा-तफरी मच गई। कई वाहन चालक तत्काल अपने वाहन हटाते नजर आए। इस दौरान एसडीएम लक्ष्मी नारायण ने मौके पर मौजूद वाहन चालकों को सख्त शब्दों में समझाइश देते हुए भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी जारी की।
एसडीएम लक्ष्मी नारायण ने बताया कि प्रशासन द्वारा समय-समय पर ऐसे विशेष अभियान चलाए जाते हैं, जिनके तहत सड़क पर खड़े वाहनों के चालान काटे जाते हैं तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया जाता है, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क पर वाहन खड़ा करना अतिक्रमण की श्रेणी में आता है, जिससे आमजन को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्रशासन का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों को जाम से राहत प्रदान करना है।
एसडीएम ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि भविष्य में यदि कोई भी वाहन चालक सड़क पर वाहन खड़ा करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध बिना किसी रियायत के कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में भारी चालान के साथ-साथ वाहन जब्ती की कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर को जाम मुक्त और सुव्यवस्थित बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इस दिशा में आगे भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।
__________________
