ईंट भट्ठे पर रहने वाले बच्चों को स्कूल बैग, पाठ्य सामग्री और लेखन सामग्री का किया वितरण

शिक्षा के प्रचार प्रसार में रोटी बैंक तत्पर करेगी हर संभव सहायता: डॉ. अशोक कुमार वर्मा
City24news/जितेन्द्र सिंह
कुरुक्षेत्र। रोटी बैंक शाखा कुरुक्षेत्र द्वारा लाडवा सड़क पर स्थित मथाना के ईंट भट्ठे पर रहने वाले बच्चों को स्कूल बैग, पाठ्य एवं लेखन सामग्री वितरित की गई। इससे पूर्व भी रोटी बैंक झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले बच्चों को शिक्षा के प्रचार प्रसार में सहायता कर रही है। रोटी बैंक शाखा कुरुक्षेत्र द्वारा कुरुक्षेत्र के ऐसे स्थानों को चिन्हित किया है जहां पर शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए छात्र छात्राओं को लेखन सामग्री, पुस्तकें और अन्य आवश्यक वस्तुएं वितरित की जा रही हैं। आज रोटी बैंक के प्रधान सेवक डॉ. अशोक कुमार वर्मा, कोषाध्यक्ष नरेश सैनी, उप प्रधान पंकज ठकराल, महासचिव कर्म चंद और रोटी बैंक के अंकेक्षक डॉ. एम एम सिंह ईंट भट्ठों पर पहुंचे और स्कूल बैग एवं अन्य लेखन सामग्री वितरित की। रोटी बैंक के प्रधान सेवक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि रोटी बैंक का मुख्य कार्य भोजन वितरण, सूखा राशन वितरण, ऋतू अनुसार वस्त्र वितरण, पैरों के लिए चप्पल और जूते, स्वच्छता के लिए नहाने का साबुन, ब्रश, पेस्ट, फल और मिठाइयां आदि वितरण करना है। लेकिन पिछले दिनों रोटी बैंक शाखा कुरुक्षेत्र द्वारा ही फरीदाबाद से विद्यार्थियों को जूते आदि वितरण का कार्य आरम्भ किया गया था जो अब कुरुक्षेत्र में भी आरम्भ किया गया है। रोटी बैंक शाखा कुरुक्षेत्र शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विद्यार्थियों को हर संभव सहायता प्रदान करेगी। डॉ. वर्मा ने बताया कि रोटी बैंक की स्थापना सेवानिवृत आईपीएस अधिकारी श्री श्रीकांत जाधव साहेब द्वारा 2017 में की गई थी।