महेंद्रगढ़ में धूमधाम व गरिमापूर्ण तरीके से मनाया गणतंत्र दिवस समारोह 

0
  • सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओम प्रकाश यादव ने फहराया तिरंगा
  • देशवासियों को सदियों के धैर्य की धरोहर के रूप में श्रीराम का मंदिर मिला : ओम प्रकाश यादव 

सिटी 24 न्यूज़/ अशोक कौशिक 
नारनौल। जिला महेंद्रगढ़ में गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम व गरिमापूर्ण तरीके से मनाया गया। आईटीआई मैदान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण राज्य मंत्री ओमप्रकाश प्रकाश यादव ने मुख्य अतिथि के तौर पर तिरंगा फहराया तथा परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। समारोह स्थल पर आने से पहले सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओम प्रकाश यादव ने जिला सैनिक एवं अर्ध सैनिक कल्याण कार्यालय के प्रांगण में स्थित शहीद स्मारक पर अमर शहीदों को पुष्प चक्कर अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम में विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने वाले स्कूली बच्चों के लिए 11-11 हजार रुपए देने की घोषणा की। इसके साथ ही कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी बच्चों के लिए एक दिन की छुट्टी की घोषणा की। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्कूली बच्चों ने पीटी व डंबल लेजियम शो का प्रदर्शन किया। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए। अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 20 अधिकारी, कर्मचारी व नागरिकों को सम्मानित किया गया।

जिला स्तरीय समारोह में जिला वासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए श्री यादव ने कहा कि यह ऐतिहासिक दिन देशवासियों को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ने के लिए साहस और प्रेरणा देता है। यह दिन हमें भारत गणराज्य की स्थापना की याद दिलाता है। इस दिन हम उन महापुरुषों को भी याद करते हैं, जिन्होंने भारत को स्वतंत्रता दिलवाने और भारतीय संविधान को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।  महात्मा गांधी, भगत सिंह, चंद्र शेखर आजाद, लाला लाजपत राय, राव तुलाराम, सरदार बल्लभ भाई पटेल और लाल बहादुर शास्त्री, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे हमारे महान नेताओं और स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी थी। आज पूरा देश उन महान विभूतियों को याद करता है। वहीं आजादी के बाद देश की सुरक्षा के लिए अपना बलिदान देने वाले उन वीरों को भी नमन करते हैं।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद से ही भारत दुनिया में एक बड़ी ताकत के तौर पर अपनी पहचान बनाने में कामयाब रहा है। आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत देश  चंहुमुखी प्रगति कर रहा है। वहीं हरियाणा राज्य मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में तेजी से विकास कर रहा है।

उन्होंने कहा कि सदियों की प्रतीक्षा और अभूतपूर्व धैर्य, अनगिनत बलिदान, त्याग और तपस्या के बाद हमारे प्रभु श्री राम आए हैं।  देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों के फलस्वरूप 22 जनवरी, 2024 का सूरज देश में एक अद्भुत आभा लेकर आया है। इस दिन अयोध्या में राम मंदिर के भूमिपूजन के बाद से प्रतिदिन पूरे देश में उमंग और उत्साह बढ़ता ही जा रहा है। भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम से देशवासियों को सदियों के धैर्य की धरोहर के रूप में श्रीराम का मंदिर मिला है। हम सब उन अनगिनत रामभक्तों व अनगिनत कारसेवकों के और उन अनगिनत संत महात्माओं के भी ऋणी हैं जिन्होंने लगातार इस आंदोलन को चलाया।

श्री यादव ने कहा कि देश की प्रगति के इस सफर में हरियाणा  का भी महत्वपूर्ण योगदान है। पिछले लगभग साढे 9 वर्षों में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व ने प्रदेश के सामाजिक-आथिक  विकास को नए आयाम प्रदान किये हैं।  शिक्षा, स्वास्थ्य एवं खेलों में हमने नई ऊँचाइयों को छूआ है। हरियाणा की नीतियों और योजनाओं का देश के दूसरे राज्य अनुसरण कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज भारतीय सेना का हर दसवां जवान हरियाणा से है। हम अपने शहीदों के बलिदानों का कर्ज तो नहीं चुका सकते, लेकिन उनके परिजनों की देखभाल करके उनके प्रति सम्मान अवश्य जता सकते हैं। इस दिशा में सरकार ने ‘सैनिक व अर्ध-सैनिक कल्याण विभाग‘ का गठन किया है।

श्री यादव ने हरियाणा सरकार द्वारा सैनिकों के कल्याण के लिए चलाई गई योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने देश की सीमाओं की निगहेबानी करने वाले वीर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए युद्ध के दौरान शहीद हुए हरियाणा के सैनिकों और अर्ध-सैनिक बलों के जवानों की अनुग्रह राशि 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की है। इसी प्रकार, आईईडी बलास्ट में शहीद होने पर भी अनुग्रह राशि 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की गई है। अब तक शहीदों के 367 आश्रितों को अनुकम्पा के आधार पर नौकरी प्रदान की गई है।

उन्होंने कहा कि ‘हरियाणा एक-हरियाणवी एक’ के मूलमंत्र पर चलते मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में सरकार समस्त हरियाणा और प्रत्येक हरियाणवी की तरक्की और उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया है। भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए पारदर्शी शासन दिया है। वर्ष 2024 को संकल्प से परिणाम वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। 

श्री यादव ने कहा कि सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के दर्शन के अनुरूप प्रदेश के सभी परिवारों का पहचान पत्र बनाया, जिससे पात्र परिवारों को घर बैठे ही सरकारी योजनाओं का लाभ देना सुनिश्चित किया गया।

मुख्य अतिथि ने कहा कि गरीबों के सिर पर छत उपलब्ध करवाने के लिए ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ के तहत 36 हजार से अधिक मकान बनाए गए हैं, जबकि 16 हजार मकान बनाए जा रहे हैं। हर गरीब को राशन मिलने में परेशानी न हो और कोई उसका हक न मार सके, इसके लिए राशन वितरण व्यवस्था को तकनीक के माध्यम से पारदर्शी बनाया है। अब कोई भी व्यक्ति फर्जी तरीके से राशन प्राप्त नहीं कर सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *