राजेश नागर ने राज्य मंत्री के स्वतंत्र प्रभार के साथ संभाला कार्यालय

0

मुख्यमंत्री नायब सिंह ने राजेश नागर को मंत्री की कुर्सी पर बैठाया और आशीर्वाद दिया
City24news/संजय शर्मा
फरीदाबाद। तिगांव विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए राजेश नागर को नवगठित हरियाणा सरकार में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाने के बाद आज मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उन्हें उनके कार्यालय में प्रवेश कराया और आशीर्वाद दिया। सैनी ने नागर का मुंह मीठा कर जन सेवा करने का आशीर्वाद दिया। इस दौरान वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री अनिल विज एवं कृष्ण लाल पवार भी मौजूद रहे। 

अब से राज्य मंत्री राजेश नागर के कार्यालय का पता चंडीगढ़ सचिवालय की नौवीं मंजिल पर कमरा नंबर 47 होगा। पदभार संभालने पर राजेश नागर ने कहा कि वह तिगांव की देव तुल्य जनता के सहयोग से विधानसभा चंडीगढ़ पहुंचे हैं वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आशीर्वाद से मंत्रालय का हिस्सा बने हैं। इसके लिए वह सभी का आभार व्यक्त करते हैं और भविष्य में जो भी विभाग प्राप्त होगा उसमें बेहतर प्रदर्शन करेंगे। 

नागर ने कहा कि विधायक हो या मंत्री पद हो, मेरे लिए दोनों ही जन सेवा का माध्यम हैं। बेशक मंत्रिमंडल का हिस्सा होने पर अधिक शक्तियां प्राप्त होती हैं जिससे लोगों की और अधिक सेवा करना संभव होता है। नागर ने कहा यह भारतीय जनता पार्टी है जिसमें आम कार्यकर्ता भी संगठन और सरकार का नेतृत्व कर सकता है। आज हमारे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हों या उनसे पूर्ववर्ती मनोहर लाल मुख्यमंत्री रहे l, सभी आम परिवारों से आए हुए हैं। लेकिन भाजपा की नीतियों को जनता तक पहुंचाने वाले कार्यकर्ता रहे। उनकी पारखी नजर ने मेरे जैसे आम कार्यकर्ताओं को पहले विधानसभा और अब मंत्रिमंडल में पहुंचा कर तिगांव विधानसभा क्षेत्र की जनता पर उपकार किया है। मैं क्षेत्र की जनता का विकास कार्य करवा कर धन्यवाद व्यक्त करूंगा और अपनी पार्टी के सभी नेताओं का आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने मुझ पर विश्वास जताया है। मैं उन्हें कभी भी निराश नहीं करूंगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *