झाड़ली में हुए अनिल हत्याकांड के दो आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे में किया गिरफ्तार

0

-पूछताछ में हत्या कबूल की, आरोपियो से हत्या में प्रयुक्त लाठी-डंडे किए बरामद
-एसडीजेएम कोर्ट ने दोनों को भेजा न्यायिक हिरासत में
City24News/सुनील दीक्षित

कनीना | कनीना उपमंडल के गांव झाड़ली में रविवार रात्रि करीब नो बजे मारपीट कर एक व्यक्ति का मर्डर करने के दो मुख्य आरोपियों को कनीना सदर थाना पुलिस ने 24 घंटे के अंदर काबू करने में सफलता हासिल की है। थाना इंचार्ज निरीक्षक देवेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ एवं डीएसपी दिनेश कुमार के दिशा-निर्देशन में कार्य करते हुए पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को खेडी के समीप से गुजर रहे एनएच 152 डी के नजदीक से काबू किया है। उन्होंने पुलिस पूछताछ में हत्या की बात कबूल की है। पुलिस ने आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त किए गए लाठी-डंडे बरामद कर लिए हंै। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों राजकुमार व विनोद कुमार को मंगलवार को एसडीजेएम कोर्ट कनीना में पेश किया जहां कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया।
इस बारे में मृतक के पुत्र कृष्ण कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उनकी राजकुमार व विनोद से सालों पुरानी रंजिश चली आ रही है। फरवरी 2025 में भी राजकुमार ने उसके पिता अनिल कुमार व भाई धर्मेंद्र उर्फ बिट्टू से मारपीट कर उनके विरुद्ध हत्या के प्रयास की धारा के अंतर्गत पुलिस केस दर्ज करवाया था। उस केस में उसका पिता अनिल कुमार व भाई धर्मेंद्र जमानत पर गांव आए हुए थे। एक फरवरी को उसका पिता अनिल कुमार गांव में ही संजय के घर पर आयोजित कुआंपूनजन समारोह की दावत पार्टी में गया हुआ था। जिसे एक व्यक्ति समारोह स्थल के अंदर से बाहर रास्ते में बुलाकर लाया। जहां राजकुमार, विनोद व विनोद की पत्नी भावना खडी थी। उन्होंने उसके पिता पर लाठी-डंडों से हमला बोल कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। कृष्ण कुमार व उसकी माता अनिता देवी घायल अनिल कुमार को उप नागरिक अस्पताल कनीना लेकर आए जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार कर उसे पीजीआईएमएस रोहतक के लिए रेफर कर दिया। दो फरवरी को सुबह करीब एक बजे उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने सोमवार को शव का पंचनामा करवाकर परिजनों को सौंप दिया था। परिजनों ने मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया।
हादसे की सूचना मिलने पर कनीना के डीएसपी दिनेश कुमार, थाना इंचार्ज निरीक्षक देवेंद्र सिंह सहित पुलिस के विशेष दस्ते एवं सीन ऑफ क्राइम टीम ने मौका निरीक्षण कर छानबीन की थी। पुलिस की तत्परता व सजगता से दोनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
कनीना सदर थाना इंचार्ज देवेंद्र सिंह ने पत्रकारों को बताया कि हत्या में संलिप्त दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। न्यायालय ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था को भंग करने तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कनीना-मर्डर की घटना के बाद पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए दो हत्यारोपी।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *