समाज की प्रगति में दिव्यांगजनों की भागीदारी महत्वपूर्ण – नेहा गुप्ता
City24News/अनिल मोहनिया
नूंह | केरीतास इंडिया सामाजिक संस्था, नूंह की ओर से विश्व दिव्यांग दिवस के उपलक्ष्य में गांव रोजका मेव में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के सैकड़ों दिव्यांगजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम नेहा गुप्ता तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारी नितिन यादव ने शिरकत की।
मुख्य अतिथि नेहा गुप्ता ने सभी दिव्यांगजनों को विश्व दिव्यांग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न और सम्मानित हिस्सा हैं। हमें उनके साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं करना चाहिए तथा उन्हें समाज में समान अधिकार, सम्मान और अवसर दिए जाने चाहिए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा शीघ्र ही दिव्यांगजनों के अधिकारों, कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्ध सरकारी सुविधाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु विशेष जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।
बीडीपीओ नितिन यादव ने अपने प्रोत्साहनपूर्ण संबोधन में कहा कि जीवन की चुनौतियों का सामना दृढ़ निश्चय और साहस से किया जा सकता है। उन्होंने दिव्यांगजनों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि आत्मविश्वास, संघर्ष और निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी हैं। केरीतास इंडिया के प्रतिनिधि राजकुमार ने दिव्यांगजनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संस्था का उद्देश्य अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। रूप वीके जैन फाउंडेशन के मनोज त्यागी और प्रवीण भारद्वाज ने बताया कि उनकी टीम समाज में समावेशी विकास और दिव्यांग सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्यरत है। उनकी ओर से दिव्यांगजनों को मिठाई वितरण कर विश्व दिव्यांग दिवस की शुभकामनाएं दी गई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में मुख्य रूप से जिला रेडक्रॉस से नरेश डागर, समाज कल्याण विभाग से मुकेश तथा केरीतास इंडिया की टीम अंजू, रेखा, सीमा व शिवपूजन का विशेष योगदान रहा।
