कांग्रेस की सरकार बनने पर पुरानी पेंशन स्कीम लागू की जाएगी : कैप्टन अजय

0

city24news@निकिता माधोगड़िया
रेवाड़ी। घर-घर कांग्रेस हर घर कांग्रेस अभियान के तहत पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव ने बावल विधानसभा के गांव बांस दूधा, नांगल जमालपुर, ढाणी शोभा, ढाणी कोलाना और ढाणी राधा में जनसंपर्क किया। इस दौरान कैप्टन अजय सिंह यादव ने कांग्रेस की नीतियों के बारे में लोगों से अवगत कराया और कांग्रेस की सरकार बनने पर संकल्प पत्र के बारे में जानकारी दी और जनता के बीच जाकर महंगाई, बेरोजागरी, अपराध और महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा जाएगा। श्री यादव ने बताया भाजपा ने राजस्थान में सरकार बनते ही अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है और पुरानी पेंशन स्कीम बंद कर दी है। इस तरह से मोदी की गारंटी एक के बाद एक खत्म होती जा रही है। जबकि कांग्रेस पार्टी ने वायदा किया है कि कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने पर पुरानी पेंशन स्कीम लागू की जाएगी, गैस सिलेंडर ₹500 में दिया जाएगा, 200 बिजली की यूनिट फ्री दी जाएगी, कौशल रोजगार निगम बंद करके युवाओं को पक्की नौकरी दी जाएगी, किसानों को उनकी लागत का उचित मूल्य दिया जाएगा। वहीं कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने पर एम्स भी बनवाया जाएगा और बावल के रुके हुए बाकी सभी कार्य पूरे किए जाएंगे।

कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा सामाजिक न्याय के पुरोधा, जननायक स्व० कर्पूरी ठाकुर जी ने सामाजिक न्याय के लिए न सिर्फ़ निरंतर संघर्ष किया बल्कि इस दिशा में निर्णायक भूमिका भी निभाई। वे संप्रदायिकता एवं संकीर्ण मानसिकता के धुर विरोधी थे। उनको मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किए जाने का हम स्वागत करते हैं। इससे समानता एवं सद्भाव जैसे भावों को ताक़त मिलेगी। उनका मानना था कि सामाजिक न्याय के बिना देश में विकास अधूरा है इसलिए वो जातिगत जनगणना के पक्षधर थे जिसका भारतीय जनता पार्टी विरोध करती है। कांग्रेस पार्टी, न्याय के पाँच स्तंभों को लेकर देश में आगे बढ़ रही है। उसमें से एक, ‘भागीदारी न्याय’, जननायक कर्पूरी ठाकुर जी को सच्ची श्रद्धांजलि है। कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान सरकार ने कोई बाधा उत्पन्न नहीं की थी। लेकिन इस बार न्याय की इस लड़ाई में अन्यायी शक्तियां बाधा पैदा कर रही हैं। असम की भाजपा सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है, जिस कांग्रेस पार्टी ने अंग्रेजों को हरा दिया, जो उनकी तोप से नहीं डरी वे बैरिकेड से क्या डरेंगे? न्याय के लिए संघर्ष कर रहे हैं और जो बाधा पैदा कर रहे हैं, वो न्याय द्रोही है

इस मौके पर उनके साथ नीलम भगवाडिया, टिल्लू चेयरमैन, विजयकुंड बैरियर, विक्रम गोठड़ा, धर्मवीर मुंडनवास इत्यादि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *