नूंह में हिंदू-मुस्लिम भाईचारे की मिसाल कायम,दुल्हन की तरह सजे बाजार

0

City24news/अनिल मोहनिया
नूंह | दीपावली के पर्व पर चारों ओर सजावट और खुशियों का माहौल नजर आ रहा है। पूरे देश की तरह हरियाणा के नूंह जिले में भी दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। खास बात यह है कि नूंह जिले में लगभग 70 से 80 प्रतिशत आबादी मुस्लिम समुदाय की है, इसके बावजूद यहां दीपावली का विशेष महत्व है।

यहां का आपसी भाईचारा सदियों से अटूट और मिसाल कायम करने वाला रहा है। चाहे ईद हो या दीपावली, सभी समुदाय के लोग मिलजुलकर इन त्योहारों को मनाते हैं। बाजारों में रौनक छाई हुई है, मिठाई की दुकानों पर भीड़ देखी जा रही है और घरों को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। आतिशबाजी और परचून की दुकानों पर भी खास चहल-पहल है। महिलाएं और बच्चे नए कपड़ों में सजे-धजे नजर आ रहे हैं।

हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के लोग एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होकर मिठाइयां बांट रहे हैं और दीपावली की शुभकामनाएं दे रहे हैं। घरों के बाहर मिट्टी और चायनीज दीये जलाकर खुशहाली की कामना की जा रही है। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना के साथ घरों में भी धार्मिक अनुष्ठान हो रहे हैं, जिससे चारों ओर भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।

दीपावली के साथ-साथ धनतेरस से लेकर भाई दूज तक कई पर्वों का सिलसिला चल रहा है। कुछ त्योहार लोग मना चुके हैं और कुछ मनाने की तैयारी में हैं। वहीं, पर्व को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता और चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं।

कुल मिलाकर, नूंह जिले में दीपावली के इस अवसर पर चारों ओर खुशियों और सौहार्द का माहौल देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed