प्रदेश सरकार की 15 मार्च से खरीद की घोषणा के दस दिन बाद कनीना मंडी में पंहुची सरसों

Oplus_131072
-मंगलवार को कनीना की नयी मंडी में 32 किसानों से 625 क्विंटल सरसों की हुई आवक
-प्रारंभ में एनसीसीएफ के माध्यम से स्टेट वेयर हाउस द्वारा नैफेड के लिए की जाएगी खरीद
City24news/सुनील दीक्षित
कनीना | हरियाणा प्रदेश की मंडियों में किसान का पीला सोना समझी जाने वाली सरसों फसल की कटाई का कार्य तेजी से जारी हैं वहीं भंडारण शुरू होने के बाद सरकारी खरीद भी शुरू हो गई है। मंगलवार को कनीना मंडी में 32 किसानों की 625 क्विंटल सरसों पंहुची। जिनके मार्केट कमेटी की ओर से गेट पास जारी किए गए। प्रदेश सरकार की ओर से सरसों की खरीद 15 मार्च से शुरू करने की घोषणा की गई थी लेकिन मंडियों में सरसों नहीं पंहुचने के कारण खरीद शुरू नहीं हो सकी थी। मार्केट कमेटी के सचिव विजय सिंह ने किसानों से कहा कि मंडी में साफ-सुथरी तथा सुखाकर सरसों लेकर आएं। सरसों साफ नहीं होने तथा 8 फीसदी से अधिक नमी होने की स्थिति में सरसों की खरीद नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि नकली एवं मिलावटी सरसों पाए जाने पर पुलिस केस दर्ज कराया जाएगा। प्रारंभिक दौर में सरसों की खरीद नैफेड के लिए एनसीसीएफ,नैशनल को-आॅपरेटिव कंज्यूमर फेडरेशन के माध्यम से स्टेट वेयर हाउस द्वारा की जायेगी। उनके प्रबंधक दीपक दुबे मंडी में पंहुच चुके हैं। उन्होंने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए मंडी गेट पर दो धर्मकांटे संचालित किए गए हैं,जिनका निरीक्षण मापतौल विभाग द्वारा करने के बाद प्रमाण पत्र जारी किया गया है। इसके अलावा मंडी में साफ-सफाई, बिजली-पेयजल, टाॅयलेट की सुंदर व्यवस्था की गई है। सरसों खरीद होने के बाद खरीद एजेंसी द्वारा 72 घंटे में किसानों के खाते में राशि डाली जाएगी। उन्होंने बताया कि सरसों खरीद के लिए प्रदेश में 108 मंडिया निर्धारित की गई हैं। जहां एमएसपी 5950 रूपये प्रति क्विंटल के हिसाब से खरीद की जा रही है।
कृषि विभाग के एसडीओ डाॅ अजय कुमार यादव ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ’किसान हितों को ध्यान में रखते हुए सरसों की फसल को एमएसपी पर खरीद का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि किसानों को फसल बेचने में किसी प्रकार की असुविधा ना हो इसके लिए मंडियों में सुविधाएं बढाने की दिशा में कार्य किया गया है। उन्होंने बताया कि रबी फसल सीजन 2024-25 के दौरान लगभग 21.08 लाख एकड क्षेत्र में सरसों की फसल उगाई गई है। जिसमें ’अनुमानित 15.59 लाख मीट्रिक टन के बंपर उत्पादन होने की संभावना है। सरसों का एमएसपी 5950 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। सरसों खरीद करने के बाद जिसका सीधा भुगतान किसानों को किया जायेगा। उन्होंने बताया कि कनीना ब्लाॅक में करीब 34 हजार हैक्टेयर कृषि योग्य भूमि में से 19500 हैक्टेयर भूमि पर सरसों तथा 9500 हैक्टेयर भेमि पर गेहूं की फसल बिजाई की गई थी। सरसों फसल की 40-45 फीसदी कटाई हो चुकी है जबकि गेहूं की कटाई शुरू नहीं की गई है। सरसों की बंपर पैदावार की उम्मीद है। कनीना की नयी आनाज मंडी चेलावास में स्टेट वेयर हाउस की ओर से सरसों की खरीद शुरू की गई है।
एसडीएम डाॅ जितेंद्र सिंह अहलावत ने बताया कि सरसों मंडी में सरसों की आवक शुरू हो गई है। एमएसपी पर उन्हीं किसानों की सरसों खरीदी जाएगी जिन्होंने पोर्टल पर पंजीकरण करवाया हुआ है। किसान निर्धारित मापदंडो के मुताबिक मंडी में सरसों लेकर आएं तो उन्हें व खरीद एजेंसी को परेशानी पेश नहीं आने दी आएगी।