नकल रहित परीक्षाओं से बाहर निकलेगा मेवात का असली टेलेंट :- समरवीर सिंह ओ एस डी चेयरमैन
-नकल उन्मूलन अभियान का शुभारंभ मेवात के पाटखोरी स्कूल से।
City24News/अनिल मोहनिया
नूंह | नकल रहित परीक्षा से मेवात का असली टेलेंट बाहर आएगा और मेवात का भविष्य को नई दिशा मिलेगी। नकल से नस्लें बर्बाद और भविष्य चौपट हो रहा है। उक्त कथन हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी के चेयरमैन के ओ एस डी समरवीर सिंह ने नकल उन्मूलन अभियान को संबोधित करते हुए कहे। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश में नकल उन्मूलन अभियान का शुभारंभ मेवात के अंतिम गांव पाटखोरी से किया गया है उन्होंने इस कदम की सार्थकता के बारे में बताते हुए कहा कि संपूर्ण हरियाणा में यह धारणा है कि मेवात जिले में नकल ज्यादा होती है लेकिन असल में ऐसा है नहीं । जागरूकता के अभाव में लोग परीक्षा केंदों के बाहर जमावड़ा लगाते हैं जिससे सोशल मीडिया और प्रिंट इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में बदनामी होती है। समरवीर सिंह पीएम श्री रा०व०मा पाटखोरी के वार्षिक उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। स्कूल प्रशासन ने इस सालाना उत्सव को “नकल उन्मूलन अभियान” के रूप में मानने का फैसला लिया था। ओ एस डी समरवीर सिंह ने कहा कि बिना नकल के परीक्षा में अच्छे अंक लेने वाले विद्यार्थियों को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी में बुलाकर सम्मानित किया जाएगा और उन्हें बोर्ड को विजिट करने और बोर्ड चेयरमैन से सीधे संवाद का अवसर प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सगीर अहमद ने विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षाएं नजदीक है ऐसे में विद्यार्थियों को मन लगाकर प्लान बनाकर पढ़ाई करनी चाहिए और अपने पढ़ने का टाइम टेबल बनाकर पढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि नूंह जिले में विद्यार्थियों की हाजिरी एक समस्या रही है इसलिए अभिभावकों से अनुरोध है कि वो अपने बच्चों पर नजर रखें और उन्हें रोजाना स्कूल भेजें। एल एम एल फाउंडेशन के एम डी योगेश भाटिया ने कहा कि विपरीत हालात का सामना कर अपनी मंजिल पाने वाले लोगों को विश्व में पहचान मिलती है। उन्होंने कहा कि मेवात के नाम से इंडस्ट्री लगाने वाले घबराते हैं लेकिन उन्होंने जानबूझकर मेवात को चुना है और यहीं के लोगों को रोजगार के नए अवसर देना उनकी प्राथमिकता होगी। गांव के प्रतिनिधि के तौर पर साहुन एडवोकेट ने बच्चों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि स्कूली शिक्षा के लिए पूरी पचायत कर्तसंकल्प है। स्कूल के लिए वो हमेशा तत्पर रहे हैं और आगे भी अपनी पूरी पंचायत के साथ तैयार रहेंगे। एसएमसी चेयरमैन पदम ने सभी मेहमानों का स्वागत करते हुए कहा कि नकल उन्मूलन अभियान में समस्त ग्रामीण अपनी भूमिका निभाएंगे। प्रधानाचार्य परवीन कुमार ने सालाना रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए पिछले 3 सालों का लेखा जोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि समस्त स्टाफ और बच्चों की मेहनत से आज स्कूल इस मुकाम पर पहुंचा है। जिला प्रधान उमर पाड़ला ने भी नकल उन्मूलन अभियान को सार्थक बनाने में अपनी भूमिका के लिए तत्पर रहने का आश्वासन दिया ।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी चरण देव सिंह, प्रधानाचार्य सुनील, सुजाउद्दीन , राजुदीन, सैय्यद मोहम्मद इनाम, सुरेश कुमार, मोहम्मद शाहिद, नाजिम आजाद, पवन यादव, हरिओम गोयल, पदम सिंह, राजीव मित्तल, जितेंद्र जैन, विकास, रशीद हुसैन, मंजू बाला, गीता, जाकिर, शेरू, स्कूल स्टाफ उपस्थित रहे।
