पशुधन प्रदर्शनी के अंतिम दिन भाग्यशाली विजेताओं के लकी ड्रा निकाले

0

City24news@अशोक कौशिक 

नारनौल। राज्यसभा सांसद व हरियाणा भाजपा प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने केंद्रीय विश्वविद्यालय जाट पाली में चल रहे तीन दिवसीय पशुधन प्रदर्शनी के आज अंतिम दिन भाग्यशाली विजेताओं के लकी ड्रा निकाले। इसमें किसी के नाम निकली बुलेट मोटरसाइकिल तो किसी के नाम दूध बिलोने की मधानी मशीन व दूध निकालने की मशीन। 

लकी ड्रा में जिला दादरी के संदीप पुत्र श्री जगदीश के नाम बुलेट मोटरसाइकिल व  लोकेश पुत्र श्री नवनीत के नाम स्कूटी निकली। वहीं जिला महेंद्रगढ़ के भूपेंद्र, नितिन व मोनिका, दादरी के लीलाराम व भिवानी के आयुष के नाम दूध बिलोने की मधानी मशीन निकली। वहीं जिला भिवानी के रोहतास व वेद सिंह तथा दादरी के शैलेश के नाम मिल्किंग मशीन निकली। 

राज्यसभा सांसद व हरियाणा भाजपा प्रभारी बिप्लब देव ने पर जिला भिवानी के नवनीत शर्मा की मुर्रा भैंस, जिला जींद के विनोद की साहिवाल गाय, जिला महेंद्रगढ़ के कर्मवीर की हरयाणा गाय व जिला गुरुग्राम के धीरज की घोड़ी प्रथम स्थान पर रही। इन सभी को 51-51 हजार रुपए का पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

-आमजन ने आयुर्वेद के बारे में ली जानकारी 

पशुधन प्रदर्शनी मेले में आए किसानों, पशुपालकों व अन्य आमजन ने आयुष विभाग की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी में आयुर्वेद के बारे में जानकारी ली। आयुष विभाग से डॉ भूपेंद्र कुमार ने आमजन को आयुर्वेद के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आयुर्वेद का उद्देश्य स्वस्थ व्यक्ति के स्वास्थ्य की रक्षा व रोगी के रोगों का नाश करना है। आयुर्वेद में न केवल उपचार होता है बल्कि यह जीवन जीने का ऐसा तरीका सीखाता है जिससे जीवन लंबा और खुशहाल होता है। उन्होंने कहा की रसोई घर एक औषधालय है। रसोई में रखे मसालों का सही मात्रा में सेवन करके हम बीमारियों को दूर कर स्वस्थ रह सकते हैं। आयुर्वेद के अनुसार दिनचर्या का मतलब हमारे सुबह उठने से लेकर शाम को सोने तक की गतिविधियों से है। स्वस्थ रहने के लिए एक अच्छी दिनचर्या का होना बहुत जरूरी है। आयुर्वेद और दिनचर्या का एक दूसरे से घनिष्ठ संबंध माना जाता है। इसलिए यदि आप अपने दिन की शुरुआत आयुर्वेदिक तरीकों को अपनाकर करते हैं तो आप जीवन भर निरोगी रह सकते हैं।

-समाज कल्याण विभाग की प्रदर्शनी में लोगों ने ली पेंशन संबंधी जानकारी

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता अनुसूचित जातियां एवं पिछड़े वर्ग कल्याण, अंत्योदय (सेवा) विभाग हरियाणा की ओर से लाडली सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत लाभार्थी को 3 हजार रुपए प्रति माह के हिसाब से सहायता प्रदान की जाती है।

इस योजना के तहत जो माता-पिता जिनके संतान केवल लड़की – लड़की है लड़का ना हो तथा ना ही कोई लड़का गोद लिया हुआ हो इन माता -पिता की उम्र दोनों में किसी एक की 45 वर्ष से 59 वर्ष तक हो तथा हरियाणा के स्थाई निवासी हो। इनकी सालाना आय 2 लाख रुपए से कम हो वह इस योजना का लाभ उठा सकता है। इस योजना के लिए आवेदन लड़कियों की माता द्वारा किया जाएगा। यदि माता न हो तो उस स्थिति में पिता द्वारा आवेदन किया जाएगा। इस योजना के लिए आवेदन नागरिक सेवा केन्द्र (सीएससी) द्वारा ऑनलाइन करवाकर आवेदन फार्म जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय में जमा करवाएं।

-मारवाड़ी नस्ल का बुर्ज खलीफा घोड़ा रहा आकर्षण का केंद्र

मेले में दादरी जिला का मारवाड़ी नस्ल का 70 इंच ऊंचा बुर्ज खलीफा घोड़ा आकर्षण का केंद्र रहा। मेले में इस घोड़े को देखकर लोगों में एक अलग ही उत्साह दिखाई दे रहा था। लोगों ने कहा कि इस प्रकार के मेलों का आयोजन सरकार की अच्छी व सकारात्मक सोच को दर्शाता है। इस प्रकार के मेलों में एक से एक पशु देखने को मिलते हैं। इसी कारण आज लोगों में पशुपालन की ओर रुझान बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *