सी.पी.आर. तकनीक की जानकारी होती है काफी लाभकारी

-सी.पी.आर. का ज्ञान देता है जीवनदान : नेहा गुप्ता, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-सह सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नूंह
City24news/अनिल मोहनिया
नूंह | स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशन में तथा भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के राष्ट्रीय मुख्यालय और हरियाणा राज्य शाखा चंडीगढ़ के मार्गदर्शन में 13 से 17 अक्टूबर तक कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन (सी.पी.आर.) जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है।
उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला रेडक्रॉस सोसायटी नूंह अखिल पिलानी और सचिव महेश गुप्ता की देखरेख में सोमवार को जिला न्यायिक परिसर में सी.पी.आर. जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें जिला नूंह के लगभग 40 विभागाध्यक्षों एवं उनके प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-सह सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नूंह, नेहा गुप्ता ने की। उन्होंने कहा कि आज के समय में सी.पी.आर. तकनीक का ज्ञान हर व्यक्ति के लिए आवश्यक है, क्योंकि यह संकट की घड़ी में किसी की जान बचाने में सहायक सिद्ध हो सकता है। कार्यक्रम में जिला रेडक्रॉस सोसायटी के प्रशिक्षण अधिकारी महेश सिंह मलिक ने सी.पी.आर. की विधि का प्रदर्शन किया और बताया कि यदि किसी व्यक्ति की हृदय गति थम जाए या सांस रुक जाए तो तुरंत सी.पी.आर. देना प्रारंभ करें। प्राथमिक उपचारकर्ता को सबसे पहले खतरे को दूर करना, प्रतिक्रिया जांचना, सहायता बुलाना, वायुमार्ग साफ करना और श्वास की जांच करना चाहिए। यदि सांस न हो तो सी.पी.आर. सख्त सतह पर छाती के मध्य भाग में लगभग 100 से 120 बार प्रति मिनट की दर से लगभग दो इंच गहराई तक दबाव देकर किया जाना चाहिए। दबाव देते समय यह ध्यान रखें कि हर बार छाती स्वाभाविक रूप से ऊपर उठे। यह प्रक्रिया तब तक जारी रखनी चाहिए जब तक पीडि़त में सांस लेने के लक्षण दिखाई न दें या चिकित्सीय सहायता उपलब्ध न हो जाए।
इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-सह सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नूंह, नेहा गुप्ता ने कहा कि सी.पी.आर. की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए अत्यंत उपयोगी है। इससे आपात स्थिति में किसी की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने सभी विभागों से अपील की कि अपने कर्मचारियों को भी इस प्रशिक्षण से अवगत कराएं ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता दी जा सके। इस मौके पर जिला समाज कल्याण अधिकारी वीरेंद्र कुमार, आईटीआई नूंह के प्राचार्य सुधीर कुमार, अग्निशमन अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा अधिकारी, रेडक्रॉस सोसायटी के आजीवन सदस्य राजकुमार प्रजापति, जितेंद्र कुमार, सोनू वर्मा, नरेश कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।