मजबूत संगठन खड़ा करेगी जेजेपी: सुरेंद्र सौरोत

-पहलगाम हमले में शहीद पर्यटकों को दी श्रद्धांजलि
-बड़कली चौक जेजेपी कार्यालय पर जिला प्रभारी ने ली अहम बैठक
City24news/अनिल मोहनिया
नूंह | जननायक जनता पार्टी का संगठन भंग होने के बाद पार्टी ने नया संगठन खड़ा करने की कवायद तेज कर दी है। शुक्रवार को जेजेपी के पूर्व प्रत्याशी जान मोहम्मद के बड़कली चौक आवास पर हल्का फिरोजपुर झिरका व पुनहाना के कार्यकर्ताओं व गणमान्य लोगों की अहम बैठक हुई। बैठक में कश्मीर के पहलगांव में आतंकी हमले में मारे गए पर्यटकों को मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। घायलों की सेहत में सुधार की कामना की। कार्यक्रम में पहुंचने पर नूंह जिला प्रभारी सुरेंद्र सौरोत का स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने अजय सिंह चौटाला, दुष्यंत चौटाला, दिग्विजय चौटाला जिंदाबाद के नारे लगाए। जननायक जनता पार्टी के जिला प्रभारी सुरेंद्र सौरोत ने कहा कि नया संगठन बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से सुझाव मांगे गए हैं। उन कार्यकर्ताओं को घर वापसी का मौका दिया जा रहा है जो विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी छोड़ गए थे।प्रभारी ने कहा, विधानसभा की ऐसी समस्याओं की सूची बनाई जा रही है जो आम जनता की भलाई से सरोकार रखतीं हैं। जनता को जोड़ने के लिए विशेष जन जागरण अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने साफ कहा कि जननायक जनता पार्टी सुप्रीमो डॉक्टर अजय सिंह चौटाला व पूर्व मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के आदेश पर मेवात के हल्का फिरोजपुर झिरका, नूंह व पुनहाना में बैठक हुई हैं। बैठकों में कुछ नाम आए हैं जिन पर विचार विमर्श होगा। उन्होंने दावा किया कि मजबूत संगठन बनाने के लिए हरेक बिंदु पर गौर किया जा रहा है ताकि 2029 के विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज कर सके। फिरोजपुर झिरका विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं पूर्व जिला प्रभारी जान मोहम्मद अटेरना ने कहा कि संगठन में इस बार बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। जिन कार्यकर्ताओं ने पार्टी को धोखा दिया उन्हें एंट्री नहीं मिलेगी। उनके स्थान पर मेहनती कार्यकर्ताओं को जगह मिलेगी। उन्होंने जिला प्रभारी की मौजूदगी में कहा कि वो तन मन धन से पार्टी के साथ हैं और उन्हें जो जिम्मेदारी मिलेगी उसे निभाएंगे। नूंह जननायक जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष नासिर हुसैन ने कहा कि पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं को जगह मिलेगी और पार्टी में नए कार्यकर्ता जोड़ने के लिए अभियान चलेगा। पार्टी प्रभारी से सभी बिंदुओं पर बात हुई है और गांवों में भी मजबूत कमेटियां बनेंगी। मौके पर पूर्व नूंह हलका प्रधान आस मोहम्मद, अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व उपाध्यक्ष नसीम अहमद, पूर्व जिला उपाध्यक्ष उस्मान खान समेत दर्जनों पदाधिकारी व गणमान्य लोग मौजूद रहे।