पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपने को साकार कर रही सरकार : चौधरी जाकिर हुसैन 

0

पात्र परिवारों को दिलाया जा रहा उनका हक 
स्वामित्व योजना के लाभार्थियों को प्रदान किए गए प्रमाण पत्र व कनवेंस डीड 
 मुख्यमंत्री नायब सिंह ने अपने संदेश में लाभार्थियों को दी बधाई 
City24news/अनिल मोहनिया
नूंह | हरियाणा वक्फ बोर्ड के प्रशासक चौधरी जाकिर हुसैन ने कहा है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह के नेतृत्व में राज्य सरकार अंतोदय की भावना पर काम करते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपने को साकार कर रही है। चौधरी जाकिर हुसैन आज लघु सचिवालय के सभागार में राज्य सरकार की स्वामित्व योजना के तहत जिला नूंह के लाभार्थियों को प्रॉपर्टी सर्टिफिकेट और कनवेंस डीड वितरित करने के बाद उपस्थित लाभार्थियों व उनके परिजनों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने योजना के सभी लाभार्थियों को बधाई व शुभकामनाएं दी। उपस्थित लोगों को चौधरी जाकिर हुसैन ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का संदेश पढक़र भी सुनाया। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में सभी लाभार्थियों को बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि स्वामित्व योजना के तहत राज्य सरकार ने लाल डोरा मुक्त करते हुए लोगों को उनकी संपत्ति का मालिकाना हक दिलवा दिया है। इस संपत्ति के आधार पर संबंधित परिवार न केवल बैंक लोन ले सकेगा बल्कि अपनी संपत्ति को जरूरत पडऩे पर बेच भी सकता है। इसी प्रकार से शहरी क्षेत्र के लोगों को उनकी दुकानों का मालिकाना हक दिलाया गया है। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि आज उन्हें ऐसा लग रहा है कि यह सपना पात्र परिवारों का ही नहीं बल्कि उनके स्वयं का सपना पूरा हो रहा है। उन्होंने आमजन से प्रदेश के विकास में भागीदार बनने का आह्वान भी किया। कार्यक्रम में नगर परिषद नूंह के 72, नगर पालिका तावडू के 5, नगर पालिका फिरोजपुर झिरका के 8 तथा नगर पालिका पुनहाना के 9 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र दिए गए। इसी प्रकार से लाल डोरा के अंदर आने वाले जिला के 40 लोगों को कनवेंस डीड प्रदान की गई। इन 40 लोगों में प्रत्येक नगर पालिका के 10- 10 लाभार्थी शामिल है। चौधरी जाकिर हुसैन ने कहा कि भाजपा की पहली ऐसी सरकार है, जिसने असंभव कार्यों को संभव करके दिखाया है। उन्होंने कहा पिछली सरकार कहा करती थी कि लोगों को उनके मालिकाना हक नहीं मिल सकता। लेकिन मौजूदा सरकार ने यह करके दिखा दिया है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान मेवात के विकास पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। लेकिन मौजूदा सरकार ने मेवात के विकास के लिए करोड़ों रुपए की परियोजनाएं दी है। उन्होंने बताया कि 71 गांव के लिए बनाई गई 306 करोड़ रुपए की रेनीवेल परियोजना का टेंडर हो गया है।    

   अतिरिक्त उपायुक्त प्रदीप सिंह मलिक ने इससे पहले आए हुए मेहमानों का स्वागत किया और योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर नगर पालिका नूंह के चेयरमैन संजय मनोचा तथा फिरोजपुर झिरका नगर पालिका के चेयरमैन मनीष जैन सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *