जीवन के हर पहलू को संतुलित करने का मार्ग प्रशस्त करती है गीता- जाकिर हुसैन

0

जिला स्तरीय गीता महोत्सव में मुख्यातिथि रहे हरियाणा वक्फ बोर्ड के प्रशासक जाकिर हुसैन, जिला स्तरीय प्रदर्शनी का किया अवलोकन
भजन-गीतों की धार्मिक प्रस्तुतियों से झूम उठे दर्शक
City24news/अनिल मोहनिया
नूंह | हरियाणा वक्फ बोर्ड के प्रशासक जाकिर हुसैन ने कहा कि श्रीमद्ïभगवतगीता जीवन के हर पहलू में सफलता, संतुलन व मानसिक शांति प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त करती है। गीता जयंती महोत्सव के माध्यम से हम सभी को गीता के ज्ञान को जन-जन तक पहुंचाने का मौका मिल रहा है, ताकि समाज में इसके संदेशों का सकारात्मक प्रभाव पड़ सके। 

 जाकिर हुसैन मंगलवार को जिला स्तरीय गीता महोत्सव में दूसरे दिन मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गीता जयंती जैसे कार्यक्रमों के आयोजन से समाज को एकजुट होकर कार्य करने, सामाजिक एकता व सद्भावना को बढ़ावा देने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने जिलावासियों को गीता जयंती महोत्सव की मुबारकबाद देते हुए कहा कि आज गीता जयंती महोत्सव अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मनाया जा रहा है। उसका श्रेय हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है कि जिन्होंने गीता के संदेश को दुनिया भर में पहुंचाया। भगवान श्रीकृष्ण ने कुरुक्षेत्र की पवित्र भूमि पर अर्जुन को ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को कर्म करने का संदेश दिया था। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में गीता जयंती महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस महोत्सव में विभिन्न विभाग जो जिला स्तरीय प्रदर्शनी में भाग ले रहे हैं, इन विभागों की ओर से इसमें काफी मेहनत की गई है। जिला के लोग इस प्रदर्शनी में आकर सरकार की योजनाओं का लाभ ले सकते हैं। जिला प्रशासन के तमाम अधिकारियों की मेहनत से इस महोत्सव का शानदार आयोजन हुआ है। इसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं। इस प्रदर्शनी के माध्यम से दिखाया गया है कि हमारा मेवात किस तरह उन्नति के शिखर को छूने जा रहा है। आने वाले वक्त में मेवात की जो प्रतिभाएं हैं, उन्हें प्रशासन व सरकार के सहयोग से सामने लाया जा रहा है। इससे पहले उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन कर सभी विभागों की योजनाओं की प्रगति का निरीक्षण किया। 

 अतिरिक्त उपायुक्त प्रदीप सिंह मलिक ने कहा कि गीता का संदेश मानव जीवन से जुड़े सभी पहलुओं के लिए प्रासंगिक है। भगवान श्री कृष्ण ने अर्जुन को जो गीता का उपदेश दिया, उसमें सृष्टिï व जीवन के संपूर्ण सार का बखान किया। उन्होंने मनुष्य को केवल कर्म पर ध्यान देने की बात कही और कहा कि मनुष्य केवल कर्म करे, बाकी फल की चिंता न करे। उन्होंने गीता महोत्सव में सभी विभागों के सहयोग की सराहना भी की। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष नरेंद्र पटेल ने भी अपने विचार रखे। 

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से झूम उठे दर्शक

गीता महोत्सव में राजकीय सी.से. स्कूल उजीना की छात्राओं ने गीता जयंती कुरुक्षेत्र में आकर देखो जी… मॉडल संस्कृति स्कूल नगीना की छात्राओं ने धीरे-धीरे चाल कमर में लचकी पड़ जा गी…व राधा कैसे न जले… गीतों पर शानदार नृत्य की प्रस्तुति दी। राजकीय कन्या सी.से. स्कूल नगीना की छात्राओं ने मैं बची राम जी कृपा से…व राजकीय कन्या सी.सै. स्कूल फिरोजपुर-झिरका की छात्राओं ने शक्ति में भक्ति, मैं कृष्णा हूं… पीएमश्री सी.सै. स्कूल इंडरी की छात्राओं ने कृष्णा है, वो है अलबेला… की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। इसके अलावा लोक कलाकारों ने भी अपनी धार्मिक भजनों की प्रस्तुति से सभी झूमने पर मजबूर कर दिया। 

 इस अवसर पर एसडीएम नूंह प्रदीप सिंह अहलावत, जिला बाल कल्याण अधिकारी सुंदर लाल खत्री, नगर परिषद नूंह के चेयरमैन संजय मनोचा, पार्षद संजय, डा. सुरेश बघेल, दिनेश नागपाल, धर्मवीर, संजय गर्ग, संजय सिंह आदि भी उपस्थित रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed