भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 

0

City24news@अशोक कौशिक 

नारनौल। आगामी लोकसभा चुनाव-2024 को ध्यान में रखते हुए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला महेंद्रगढ़ में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन हो चुका है। जिला महेंद्रगढ़ में लगभग 7.20 लाख मतदाता है। इनमें लगभग 3.79 लाख पुरुष तथा 3.40 लाख महिला मतदाता है।

यह जानकारी देते हुए उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने बताया कि भारत देश लगभग 96.88 करोड़ मतदाताओं के साथ विश्व का अधिकतम मतदाताओं वाला देश है। 

उन्होंने बताया कि स्वच्छ मतदाता सूची प्रजातांत्रिक देश के चुनाव की नींव हैं। इसी बात को ध्यान में रखते हुए जिला महेंद्रगढ़ में पारदर्शी तरीके से मतदाता सूची तैयार की गई है ताकि कोई भी नागरिक अपने अधिकार से वंचित न रहें। इस कार्य के लिए बूथ स्तर के अधिकारियों द्वारा घर-घर जाकर गहन सत्यापन किया गया है।

लैंगिक समानता पर रहा फोकस

डीसी ने बताया कि मतदाता सूची तैयार करते समय लैंगिक समानता पर भी विशेष फोकस किया गया है। पहले के मुकाबले महिला मतदाताओं की संख्या बढी है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में जहां महिला मतदाता कॉलिंग अनुपात 895 था वहीं वर्ष 2024 में तीन फीसदी बढ़कर 898 हो गया है।

युवा वोटर जोड़ने के लिए शैक्षणिक संस्थानों में नामांकन की सुविधा करवाई उपलब्ध 

उपायुक्त ने बताया कि युवा मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा शैक्षणिक संस्थानों से सीधे युवा नामांकन की सुविधा उपलब्ध करवाई गई थी। युवा आबादी के बीच अधिक नागरिक जुड़ाव को बढ़ावा देने के लिए निर्वाचन क्षेत्र स्तर पर विशेष सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) नियुक्त किए गए थे। जिला महेंद्रगढ़ में 18 से 19 आयु वर्ग के 14177 मतदाता है। वहीं 20 से 29 आयु वर्ग के 149573 मतदाता है। इसके अलावा 80 वर्ष से अधिक उम्र के 20273 मतदाता तथा 100 वर्ष से अधिक उम्र के फिलहाल 346 मतदाता है। जिला महेंद्रगढ़ में 14603 सर्विस वोटर हैं। इसके अलावा जिला में 6296 दिव्यांगजन मतदाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *