गौ-तस्करों ने भाजपा कार्यकर्ता पर की फायरिंग

0

पुलिस ने किया आधा दर्जन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
City24news/अनिल मोहनिया
नूंह | मंगलवार को बीसरू गांव में सड़क के साथ बनी धर्मशाला के बाहर बैठे एक भाजपा कार्यकर्ता पर पिकअप में आए कुछ गोतस्करों ने अचानक हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक के साथ न केवल मारपीट कर अपहरण करने की कोशिश की बल्कि नाकामयाब होने पर जान से मारने की नीयत से युवक पर अवैध हथियार से दो फायर भी किए। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने पुन्हाना कोट मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर बिछोर थाना प्रभारी हुकम सिंह , सीआईए स्टॉफ पुन्हाना सहित दो ईआरवी गाड़ी मौके पहुचीं और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। करीब डेढ़ घंटे तक लगे जाम में दोनों ओर वाहनो की कतार लग गई। आरोपियों के खिलाफ कडी कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। सुबह सवेरे हुई फायरिंग की इस घटना के बाद गांव में अफरा तफरी का माहौल रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब साढ़े पांच बजे बीसरू गांव निवासी भाजपा कार्यकर्ता दयाचंद धर्मशाला के पास अपनी दुकान के बाहर बैठा था कि तभी पुन्हाना की ओर से एक पिकअप गाड़ी आई, जिसमें से 4-5 अंजान युवक उतरे और दयाचंद से मारपीट के उसे पिकअप में डालकर जबरन ले जाने लगे। किसी तरह दयाचंद अपने आप को बचाते हुए धर्मशाला के अंदर भागने लगा तो आरोपियों ने उस पर फायरिंग की। सुबह सवेरे टहलने आए लोग इससे पहले कुछ समझ पाते आरोपी भाग निकले। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने पुन्हाना कोट रोड पर जाम लगा दिया और आरोपियों को पकड़ने की मांग करने लगे। बिछोर थाना प्रभारी हुकम सिंह का कहना है कि पीड़ित की ओर से शिकायत मिली है, जल्द ही मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
पहले भी हुआ पीडित पर हमला:-
पीड़ित युवक दयाचंद का कहना है कि वह भाजपा से जुड़ा हुआ है और गौकशी की घटनाओं का विरोध करता है। जिसके कारण गांव व बाहर के गौतस्कर उससे रंजिश रखते हैं। उसने बताया कि गांव के पास जंगलों में गौ तस्करों ने अपने ठिकाने बनाए हुए है जो रात में गोकशी कर सुबह प्रतिबंधित मांस की सप्लाई करते है। इससे पहले भी उन पर दो बार चाकू से हमला हो चुका है।
सामाजिक संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष:-
एक दिन पहले जहां भाजपा जिला अध्यक्ष को एक दिन पहले जान से मारने की धमकी मिली थी, वहीं दूसरे दिन गांव बिसरू में भाजपा कार्यकर्ता पर हमले से इलाके की सामाजिक संगठनों व भाजपा कार्यकर्ताओं में गहरा रोष व्याप्त है। विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष लालाराम भारद्वाज, समाजसेवी धर्मवीर सैनी, आर्य समाज के प्रधान सुरेंद्र आर्य, जन सेवा समिति के अध्यक्ष मनीष एडवोकेट, लक्ष्मी नारायण मंगला, फूल सिंह दिवाकर, भाजपा नेता सुभाष भारद्वाज, मंडल अध्यक्ष राकेश कंसल, भाजपा नेता कमल प्रकाश सैनी आदि ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से समाज में रोष व्याप्त है। ऐसी घटनाओं को अंजाम देने वाले अपराधी तत्वों पर प्रशासन को सख्ती से लगाम लगानी चाहिए। उन्होंने पुलिस कप्तान नरेंद्र बिजारणिया से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *