उन्नाव कांड के आरोपी को जमानत पर चिंता, निर्भया के दोषियों को कांग्रेस ने दिलाई फांसी : सांसद कुंवर दानिश अली
-सद्भाव और न्याय का संदेश जन-जन तक पहुंचा रहे चौधरी बृजेंद्र सिंह
City24News/अनिल मोहनिया
नूंह | महिलाओं की सुरक्षा और न्याय के सवाल पर कांग्रेस नेताओं ने एक बार फिर भाजपा सरकार और उसकी नीतियों पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस सांसद कुंवर दानिश अली ने शनिवार शाम नगीना क्षेत्र के गांव जाटका सिसवाना में कहा कि आसाराम से लेकर झांसाराम के कारण आज देश में बेटियों की अस्मिता खतरे में है। उन्होंने कहा कि बलात्कार जैसे जघन्य अपराधों में दोषियों को संरक्षण मिलना बेहद चिंताजनक है और यह न्याय व्यवस्था पर गहरा सवाल खड़ा करता है। दानिश अली ने विशेष रूप से उन्नाव कांड का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्व भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को जमानत मिलना पूरे देश के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि जब एक जनप्रतिनिधि पर इतना गंभीर आरोप साबित हो चुका है, तो उसे राहत मिलना पीड़ितों के साथ अन्याय है। कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि मौजूदा व्यवस्था में प्रभावशाली लोगों को कानून से ऊपर रखने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। दानिश अली ने याद दिलाया कि निर्भया कांड के दोषियों को मौत की सजा दिलाने में कांग्रेस सरकार की निर्णायक भूमिका रही थी। कांग्रेस ने न केवल कानून सख्त किए, बल्कि यह संदेश भी दिया कि बेटियों पर अत्याचार करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। मौके पर कांग्रेस पार्टी के विदेश मंत्रालय के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद चौधरी बृजेंद्र सिंह की भूमिका की भी सराहना की गई। सांसद कुंवर दानिश अली ने कहा कि कांग्रेस के विचार और न्याय का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का काम चौधरी बृजेंद्र सिंह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कर रहे हैं। सद्भाव यात्रा के माध्यम से वे समाज में भाईचारा, समानता और संविधान के मूल्यों को मजबूत कर रहे हैं। चौधरी बृजेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष सत्ता के लिए नहीं, बल्कि समाज को न्याय और सुरक्षा दिलाने के लिए है। “जब तक देश की हर बेटी सुरक्षित नहीं होगी, तब तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा। कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि देश को नफरत और अन्याय की राजनीति से बाहर निकालने के लिए कांग्रेस ही एक मजबूत विकल्प है। सद्भाव, भाईचारा और न्याय के रास्ते पर चलकर ही भारत को मजबूत और सुरक्षित बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक एवं जिलाध्यक्ष शहीदा खान, कांग्रेस नेत्री नेहा खान, कांग्रेस नेता हिदायत कमांडो, पूर्व प्रवक्ता आसिफ अली, वरिष्ठ कार्यकर्ता अब्दुल्ला पाडला, साबिर सरपंच, उस्मान सरपंच, ईसमाइल सरपंच, चौधरी आलम खान, एजाज खान एडवोकेट, संदीप मेहरा, पूर्व सरपंच चरण सिंह, राम मेहर दनौदा, कांग्रेस नेता हाजी सिराजुद्दीन, शहीद नावली, आलम बसई सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
