सीएम ने खुलेआम लापरवाह अधिकारियों औऱ बदमाशों को दी चेतावनी

0

City24news@ज्योति खंडेलवाल

पलवल | प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने होडल विधानसभा क्षेत्र के गांव औरंगाबाद में विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश हित में कार्य किया। अबकी बार भाजपा लोकसभा चुनावों में 400 पार सीटें लेगी। उन्होंने पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी। नायब सैनी ने कहा कि प्रदेश की जनता शांति और भाईचारे के साथ रहना चाहती है। फोन पर धमकी देकर डराने वाले बदमाशों को बख्शा नहीं जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सैनी का फूल माला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक देश पर राज किया है। सत्ता हासिल करने के लिए कांग्रेस पार्टी जनता से वोट मांगने की अपील कर रही है, लेकिन जनता कांग्रेस पर विश्वास नहीं कर रही है, बल्कि नरेंद्र मोदी जी की गारंटी पर विश्वास जता रही है। उन्होंने ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत गरीब महिलाओं को मुफ्त में गैस कनेक्शन देकर चूल्हे के धुएं से निजात दिलाने का कार्य किया। कांग्रेस के राज में गांवों में महिलाओं को पीने के स्वच्छ पानी के लिए कोसो दूर जाना पड़ता था। जबकि भाजपा सरकार ने हर घर नल से जल पहुंचा कर लोगों को न्याय दिया। हर घर शौचालय बनाकर महिलाओं को सम्मान दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय में अन्याय होता था। देश की सेवा करने के दौरान यदि कोई जवान शहीद हो जाता था तो उसका पार्थिव शरीर तक घर नहीं पहुंचाया जाता था। लेकिन भाजपा सरकार ने सैनिकों को पूरा सम्मान दिया और शहीदों के आश्रितों को भी आर्थिक सहायता प्रदान की गई। मोदी सरकार बनने के बाद धारा 370 हटाई गई और पत्थरबाजी की घटनाओं को समाप्त किया गया। नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस के समय में नौकरी के लिए मुख्यमंत्री,विधायकों के चक्कर काटने पड़ते थे लेकिन भाजपा सरकार में बिना पर्ची व खर्ची के नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसान हितैषी सरकार है। सरकार ने किसानों के हित में अनेक योजनाएं बनाई गई। हरियाणा के किसानों को फसल में हुए नुकसान के लिए मुआवजा दिया गया। किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों के खाते में डीबीटी के माध्यम से खाते में राशि भेजने का कार्य किया गया। आयुष्मान योजना के तहत गरीब लोगों को 5 लाख रुपए तक स्वास्थ्य बीमा प्रदान किया गया है। भाजपा सरकार में विकास को गति दी गई है। एलिवेटेड पुल का निर्माण किया गया है। भाजपा सरकार की नीति व नीयत साफ है। उन्होंने कहा कि मोदी ने देश को एक दिशा प्रदान की है। देश की समस्याओं का समाधान किया है। इसलिए फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी कृष्णपाल गुर्जर को भारी वोटों के साथ जिता कर मोदी जी के हाथों को मजबूत करें।इस दौरान सीएम ने खुलेआम लापरवाह अधिकारियों औऱ बदमाशों को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अधिकारी लोगों व भाजपा कार्यकर्ताओं के काम करें नहीं तो आचार संहिता खत्म होते ही उनका इलाज किया जायेगा। साथ ही हरियाणा व पलवल में बढ़ रहे बदमाशों को चेतावनी देते हुए कहा कि या तो वो बदमाशी छोड़ दें लोगों को डरा धमकाकर पैसे मांगने बंद करें नहीं तक यूपी की तरह उनका इलाज होगा। इस मौके पर फरीदाबाद से भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी कृष्णपाल गुर्जर, कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा, होड़ल से भाजपा विधायक जगदीश नायर, पलवल विधायक दीपक मंगला, हथीन विधायक जगदीश नायर, पूर्व मंत्री सुभाष कत्याल, पूर्व विधायक सुभाष चौधरी, होडल नगर परिषद की चेयरपर्सन इंद्रेश सहित तमाम बीजेपी नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *