मुख्यमंत्री ने किया राजस्व विभाग की चार महत्वपूर्ण डिजिटल पहलों का शुभारंभ 

0

– चार पहलों में शामिल हैं पेपर रहित रजिस्ट्री, निशानदेही, व्हाट्सएप चैटबोट और राजस्व न्यायालय निगरानी प्रणाली 
– इन पहलों से राजस्व विभाग के कार्यों में पारदर्शिता व नागरिक सुविधा को मिलेगा नया आयाम : कुंवर संजय सिंह
City24news/अनिल मोहनिया

नूंह | हरियाणा सरकार निरंतर डिजिटल तकनीक और प्रशासनिक सुधारों के माध्यम से जनता को पारदर्शी, तेज और प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में अग्रसर है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज बाबैन, कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में राजस्व विभाग की चार महत्वपूर्ण डिजिटल पहलों का शुभारंभ किया। इनमें पेपर रहित रजिस्ट्री प्रणाली, पेपर रहित निशानदेही, व्हाट्सएप चैटबोट और राजस्व न्यायालय निगरानी प्रणाली शामिल हैं।

इन पहलों का उद्देश्य केवल तकनीकी बदलाव लाना नहीं, बल्कि सुशासन, पारदर्शिता और नागरिक सुविधा के क्षेत्र में नए अध्याय की शुरुआत करना है।

 इस अवसर पर जिला नूंह में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के पूर्व मंत्री कुंवर संजय सिंह ने भाग लिया और इन पहलों को ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि यह न केवल प्रशासनिक सुधार का हिस्सा हैं बल्कि आम नागरिकों के जीवन को सरल बनाने की दिशा में एक ठोस पहल हैं।

 पूर्व मंत्री कुंवर संजय सिंह ने कहा कि यह चारों पहल हरियाणा सरकार के सुशासन के संकल्प को मजबूत करने वाली हैं। उन्होंने कहा कि पेपर रहित रजिस्ट्री प्रणाली से अब भूमि या संपत्ति की खरीद-बिक्री पूरी तरह डिजिटल होगी। इससे न केवल पारदर्शिता आएगी बल्कि समय और धन की भी बचत होगी। पेपर रहित निशानदेही से भूमि की सीमांकन प्रक्रिया डिजिटल होगी, जिससे विवादों में कमी आएगी और नागरिकों को स्पष्ट व सही जानकारी मिलेगी।

व्हाट्सएप चैटबोट के माध्यम से नागरिक घर बैठे ही विभिन्न सेवाओं की जानकारी और सहायता प्राप्त कर सकेंगे। राजस्व न्यायालय निगरानी प्रणाली से राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों की निगरानी और निपटान की प्रक्रिया तेज होगी, जिससे आमजन को शीघ्र न्याय मिलेगा।

उन्होंने कहा कि पहले आम नागरिक को एक छोटे से काम के लिए भी कई-कई बार दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब डिजिटल प्रणालियों से यह परेशानी समाप्त हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि इन पहलों से नागरिकों को अनेक प्रकार से लाभ मिलेगा। लोगों को दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। सभी काम डिजिटल होने से गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार की गुंजाइश नहीं रहेगा। राजस्व न्यायालयों से जुड़े मामलों का तेज निपटान होगा। व्हाट्सएप चैटबोट के जरिए नागरिक मोबाइल पर ही सेवाएं प्राप्त कर सकेंगे। पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी क्योंकि अब कागज़ का उपयोग बहुत कम होगा।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार का यह कदम केवल तकनीकी बदलाव नहीं बल्कि प्रशासनिक सुधार का प्रतीक है। पारंपरिक व्यवस्था में कई बार प्रक्रियाएं लंबी, जटिल और समय लेने वाली होती थीं। अब डिजिटल प्रणालियों के माध्यम से यह सुनिश्चित होगा कि हर नागरिक को उसके अधिकार समय पर और बिना किसी भेदभाव के मिलें।

कुंवर संजय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के विज़न को साकार करने के लिए राज्य सरकार निरंतर डिजिटल गवर्नेंस पर जोर दे रही है। इससे न केवल जनता को सुविधा मिलेगी बल्कि सरकारी कामकाज भी पारदर्शी और प्रभावी बनेगा।

हरियाणा सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले समय में अधिकांश राजस्व व प्रशासनिक सेवाएं पूरी तरह ऑनलाइन और पेपर रहित हों। इससे सरकार और जनता के बीच की दूरी कम होगी और विकास की रफ्तार तेज होगी।

कुंवर संजय सिंह ने कहा कि यह बदलाव केवल तकनीक तक सीमित नहीं हैं बल्कि यह नागरिक सशक्तिकरण का हिस्सा हैं। जब जनता को अधिकारपूर्वक और समय पर सेवाएं मिलेंगी, तभी लोकतंत्र की वास्तविक मजबूती संभव है। उन्होंने कहा कि पेपर रहित रजिस्ट्री, पेपर रहित निशानदेही, व्हाट्सएप चैटबोट और राजस्व न्यायालय निगरानी प्रणाली – हरियाणा के लिए ऐतिहासिक कदम हैं। ये पहल न केवल प्रशासन को आधुनिक बनाएंगी बल्कि नागरिकों को पारदर्शी, तेज और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराएंगी।

इस अवसर पर उपायुक्त अखिल पिलानी, एसडीएम नूंह अंकिता पुवार, भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह व डी आर ओ रणविजय सिंह सुल्तानिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *