चौधरी महावीर सैनी को फिर मिली बड़ी जिम्मेदारी, बने मार्केट कमेटी फिरोजपुर झिरका के चेयरमैन

0

-भाजपा नेतृत्व ने दोबारा जताया भरोसा, संगठन में खुशी की लहर
-बुधवार को पदभार ग्रहण, जमीनी कार्यकर्ता को मिला सम्मान

City24News/अनिल मोहनिया
नूंह 
| भारतीय जनता पार्टी के सच्चे सिपाही, कर्मठ और ईमानदार कार्यकर्ता चौधरी महावीर सैनी को एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें मार्केट कमेटी फिरोजपुर झिरका का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। बुधवार को उन्होंने विधिवत रूप से अपने पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह और हर्ष का माहौल देखा गया। चौधरी महावीर सैनी को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का करीबी माना जाता है। साथ ही उन्हें केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का भी आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त है। पार्टी नेतृत्व ने उनके लंबे संगठनात्मक अनुभव, अनुशासन और निष्ठा को देखते हुए यह अहम जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है। भाजपा के पुराने और समर्पित कार्यकर्ता रहे महावीर सैनी ने वर्ष 2012 से 2020 तक नगीना मंडल अध्यक्ष के रूप में संगठन को मजबूत किया। इसके बाद जुलाई 2020 से 2025 तक जिला मंत्री के पद पर रहते हुए उन्होंने पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। वर्तमान में वे आलदौका मंडल के प्रभारी के रूप में भी सक्रिय हैं। मेवात जैसे संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में भाजपा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में चौधरी महावीर सैनी का योगदान उल्लेखनीय रहा है। संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में उनकी भूमिका को पार्टी के भीतर विशेष सराहना मिली है। पदभार ग्रहण के बाद चौधरी महावीर सैनी ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ किसानों व व्यापारियों के हित में कार्य करेंगे तथा मार्केट कमेटी को विकास की दिशा में आगे ले जाएंगे। उल्लेखनीय है कि चौधरी महावीर सैनी के आवास पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह तथा केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल कई बार पहुंचकर उनकी हौसला अफजाई कर चुके हैं। कुछ महीने पूर्व भी उन्हें फिरोजपुर झिरका मार्केट कमेटी का चेयरमैन मनोनीत किया गया था, जिस पर अब उन्होंने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *