एथलेटिक्स हरियाणा के चीफ स्टार्टर अजय कुमार ने लिखा नया खेल इतिहास।
–न्यात निवासी अजय कुमार सहरावत बने ए एफ आई पैनल स्टार्टर।
City24News/ओम यादव
सोनीपत | ए एफ आई स्टार्टर एग्जामिनेशन में समस्त भारतवर्ष से सभी राज्यों के लगभग 44 प्रतिभागियों ने स्टार्टर एग्जामिनेशन में लिया भाग और हरियाणा का प्रतिनिधित्व कर 19वां स्थान प्राप्त किया।
पुलिस उपनिरीक्षक के पद पर विराजमान अजय कुमार सहरावत ने खेल के क्षेत्र में लिखा नया अध्याय।
साधारण किसान परिवार के बेटे ने एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (ए एफ आई) के द्वारा लिए गए स्टार्टर एग्जामिनेशन टैस्ट में पास होकर बढ़ाया हरियाणा राज्य का गौरव।
सत्यवीर धनखड फरीदाबाद मीडिया प्रभारी खेल हरियाणा ने जानकारी देते हुए बताया कि सोनीपत के गांव न्यात में जसबीर सिंह और उनकी अर्धांगिनी सरोज के घर 8 सितंबर 1984 को नवजात पुत्र शिशु के अवतरण पर परिवार और रिश्तेदारों में खुशी की लहर दौड़ गई और उसके नामकरण संस्कार से अजय कुमार नाम रखा गया।
जसबीर सिंह पिता अजय कुमार ने बताया कि अजय ने अपनी प्रारम्भिक शिक्षा न्यात गांव स्थित राजकीय उच्च विद्यालय से प्राप्त की और जिला स्तरीय एवं राज्य स्तरीय खो खो एवं हैंडबॉल खेल प्रतियोगिताओं में अपना खेल कौशल दिखाया और आगे की पढ़ाई और अपने खेल जीवन को ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए जाट स्कूल सोनीपत में एथलेटिक्स के महान गुरु कंवर सिंह गुलिया के मार्गदर्शन एवं निरीक्षण में 400 मीटर दौड़ का अथक अभ्यास कर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर जिले का प्रतिनिधित्व कर पदक देने कार्य किया और 2003 में हरियाणा पुलिस में सिपाही के पद पर नियुक्ति मिली। वर्तमान समय में पुलिस विभाग में उप निरीक्षक के पद पर आसीन रहकर अपने कर्तव्य का पालन कर रहा है।
अजय कुमार सहरावत ने जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि खेल के साथ साथ अपने खेल ज्ञान को मजबूत करने के लिए एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया/ भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के आन-लाइन कोर्स डिस्ट्रिक्ट टैक्निकल आफिसियल एवं प्री लेवल वन कोच का कोर्स पूरा किया और अभी वर्तमान समय में नेता जी सुभाष चन्द्र बोस खेल संस्थान पटियाला से स्टार्टर का कोर्स भी पूरा कर लिया है और एथलेटिक्स हरियाणा में चीफ स्टार्टर के पद पर कार्य कर रहा हूं।
अजय कुमार सहरावत ने ए एफ आई द्वारा आयोजित स्टार्टर कोर्स में उपलब्धि हासिल करने पर एथलेटिक्स हरियाणा के भीष्म पितामह एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष हनुमान सिंह भादू,अध्यक्ष दिलबाग सिंह,राजकुमार मिटान सदस्य ग्रीवेंस कमेटी एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया और प्रदीप मलिक महासचिव एथलेटिक्स हरियाणा एवं अन्य पदाधिकारियों का हौंसला अफजाई करने के लिए दिल की गहराइयों से हार्दिक धन्यवाद किया।
एथलेटिक्स हरियाणा के समस्त पदाधिकारियों ने इस खेल उपलब्धि को प्राप्त करने पर हार्दिक शुभकामनाएं प्रदान की।
