ऑनलाइन खिलौने बेचने के नाम पर ठगी का आरोपी गिरफ्तार, साथी फरार, पुलिस ने मोबाइल और सिम जब्त किए
City24News/अनिल मोहनिया
नूंह | नूंह साइबर क्राइम थाने की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई में ऑनलाइन ठगी के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी जावेद पुत्र इकराम निवासी खेडला, थाना शहर नूंह फर्जी खिलौनों की बिक्री के बहाने लोगों को झांसे में फंसाकर पैसे ठग रहा था। इस दौरान उसका एक साथी मौके से भागने में कामयाब हो गया। पुलिस ने आरोपी से दो मोबाइल फोन सिम कार्ड और अन्य सबूत जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार भारतीय साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर पोर्टल पर एक मोबाइल नंबर से संबंधित दो ऑनलाइन साइबर शिकायतें दर्ज थीं, जिनमें 17 जनवरी को 5,600 रुपये और 28 जनवरी को 16,200 रुपये की ठगी की गई थी। यह नंबर नूंह जिले में संचालित था। साइबर थाना की एक टीम इस मोबाइल की लोकेशन ट्रैक कर गांव खेडला पहुंची।
जहां रेड के दौरान दो लड़के मिले, जिन्होंने शोर मचाकर भीड़ इकट्ठा कर ली और टीम पर हमले की कोशिश की। एक लड़का भाग गया, जबकि जावेद को काबू में लिया गया। तलाशी में जावेद की जेब से दो मोबाइल फोन मिले, जिनमें संदिग्ध सिम, वॉट्सऐप अकाउंट्स देडवाल,गोधा टॉयज शॉप,गोधा मोबाइल शॉप और फर्जी बार कोड, चैटिंग, यूपीआई ऐप तथा खिलौनों के फर्जी बिल पाए गए। आरोपी जावेद से पूछताछ में कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
