नूंह के तावडू उपमंडल से कथित पाकिस्तानी जासूस की गिरफ्तारी, क्षेत्र में सनसनी

0

City24News/अनिल मोहनिया
नूंह | नूंह जिले में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के लिए जासूसी करने के आरोपों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।

जिले के तावडू उपमंडल के गांव खरखड़ी से एक और युवक को गिरफ्तार किया गया है, जिसे पाकिस्तान को संवेदनशील जानकारी भेजने के आरोप में पकड़ा गया है। 

यह गिरफ्तारी नूंह जिले में इस वर्ष की अब तक तीसरी गिरफ्तारी है, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया है।

तावडू सदर थाना पुलिस ने गांव खरखड़ी के युवा वकील रिजवान पुत्र जुबेर के खिलाफ देशद्रोह व जासूसी से जुड़े गंभीर आरोपों में मामला दर्ज किया है। 

पुलिस के अनुसार रिजवान पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए गोपनीय जानकारी साझा करता था। इसी आधार पर उसे दिल्ली से आई NIA टीम और सीआईए तावडू ने संयुक्त अभियान के दौरान गिरफ्तार किया।

सूत्रों के अनुसार पुलिस द्वारा देर रात छापेमारी कर रिजवान को हिरासत में लिया गया था। उसके बाद सुबह दिल्ली की जांच एजेंसी उसे लेकर उसके घर भी पहुंची, जहां से उन्होंने उसका लैपटॉप, दस्तावेज और डिग्रियां कब्जे में ली हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि डिजिटल उपकरणों की जांच से कई महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।

परिवार के आरोप– निर्दोष है रिजवान

गिरफ्तारी के बाद रिजवान के परिवार ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। परिजनों का कहना है कि रिजवान गुरुग्राम, सोहना और तावडू में वकालत का कार्य करता है और उसका किसी भी तरह की अवैध गतिविधि से कोई संबंध नहीं है। परिवार के सदस्यों ने दावा किया कि उनका बेटा पूरी तरह निर्दोष है और जांच एजेंसियों को सच्चाई जल्दी सामने आ जाएगी।

जाकिर हुसैन रिजवान के चाचा ने बताया कि दिल्ली से NIA की टीम के साथ तावडू पुलिस भी साथ आई थी और सभी जरूरी दस्तावेज व लैपटॉप साथ लेकर गई। परिवार का कहना है कि वे न्यायिक प्रक्रिया में पूरा सहयोग करेंगे, ताकि रिजवान की बेगुनाही साबित हो सके।

जांच जारी, सुरक्षा एजेंसियों की बढ़ी सतर्कता

नूंह जिले में इस साल पाकिस्तानी जासूसी से जुड़े मामलों में लगातार तीसरी गिरफ्तारी से सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता और बढ़ा दी है। तावडू पुलिस और अन्य सुरक्षा विभाग इस पूरे मामले की गहन जांच कर रहे हैं, ताकि पता लगाया जा सके कि क्या किसी बड़े नेटवर्क की इसमें भूमिका है।

मामला अभी प्रारंभिक जांच में है इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फोरेंसिक जांच के बाद ही आगे की जानकारी स्पष्ट होगी।

नूंह क्षेत्र में बढ़ती ऐसी गतिविधियों ने स्थानीय लोगों में चिंता भी बढ़ा दी है, लेकिन पुलिस का कहना है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed