पुनहाना में आपसी झगड़े के बाद युवक की मौत, सड़क जाम कर परिजनों ने किया प्रदर्शन।
City24News/अनिल मोहनिया
नूंह | नूंह जिले के पुनहाना शहर में दो पक्षों के बीच हुए आपसी झगड़े में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। मृतक की मौत से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मामले को लेकर पुनहाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पक्ष के लगभग आठ लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, झगड़े के दौरान मृतक को गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के परिजनों का कहना है कि जब तक नामजद आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे शव को दफन नहीं करेंगे। इसी मांग को लेकर मृतक के परिजन और सैकड़ों की संख्या में लोग पुनहाना शहर के जुरहेड़ा–पुनहाना मार्ग पर बैठ गए और सड़क जाम कर दिया। जाम के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
इस घटना ने पुनहाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं लोग प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
