इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है।
City24News/अनिल मोहनिया
नूंह | नूंह शहर की कॉलोनी में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला को उसके ही पति ने जिंदा जलाने की कोशिश की। गंभीर रूप से झुलसी महिला को नूंह के शहीद हसन खां मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पीड़िता के परिजनों के अनुसार महिला की शादी रेहना गांव में हुई थी। उसके पांच बच्चे हैं। आरोप है कि महिला का पति आए दिन उसके साथ मारपीट करता था और घरेलू हिंसा का शिकार बनाता था। परिवार का कहना है कि कई बार समझाने के बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
घटना वाले दिन महिला का पति अपने घर आया। घर पहुंचते ही उसने पहले महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद गुस्से और हैवानियत में आकर उसने चूल्हे/हीटर पर बन रहे पशुओं के आहार को महिला के ऊपर उड़ेल दिया। उबलता हुआ आहार गिरते ही महिला की चीख-पुकार मच गई और उसका शरीर बुरी तरह जल गया।
घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। घर में मौजूद बच्चों ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर अपनी मां के भाई को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही महिला के मायके पक्ष के लोग तुरंत नूंह पहुंचे और झुलसी महिला को गंभीर हालत में शहीद हसन खां मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक महिला का शरीर काफी हद तक झुलस चुका है और डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। महिला के बयान लेने की कोशिश की जा रही है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी सक्रिय हो गई है। पुलिस ने पीड़िता के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
इस घटना ने एक बार फिर घरेलू हिंसा और महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि ऐसे दरिंदों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी महिला इस तरह की हैवानियत का शिकार न बने।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करनी की तैयारी कर रही है।
