विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को लेकर राजनीतिक दलों व अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित
– पारदर्शी ढंग से किया जाएगा मतदाता सूचियां का पुनरीक्षण का कार्य : अखिल पिलानी
City24News/अनिल मोहनिया
नूंह | जिला उपायुक्त अखिल पिलानी की अध्यक्षता में मंगलवार को लघु सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 एवं बीएलओ की नियुक्ति से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
उपायुक्त ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा चुनाव क्षेत्रों 79-नूंह, 80-फिरोजपुर झिरका एवं 81-पुन्हाना में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य किया जा रहा है। इसके अंतर्गत मतदाता सूचियों की शुद्धता सुनिश्चित करने, नए मतदाताओं का नाम जोड़ने तथा अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया को पारदर्शी ढंग से संपन्न किया जाएगा।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपनी-अपनी पार्टियों से संबंधित बीएलए की सूची, फोटो एवं मोबाइल नंबर सहित उपलब्ध कराएं, ताकि बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।
उपायुक्त ने बताया कि पुनरीक्षण के दौरान घर-घर जाकर निर्धारित गणना एवं घोषणा फार्म भरवाए जाएंगे तथा मतदाताओं से पहचान पत्र, आयु प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किए जाएंगे। इसके साथ ही ऑनलाइन माध्यम से भी दस्तावेज अपलोड करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। नागरिक वोटर हेल्पलाइन ऐप एवं एनवीएसपी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। इसके लिए फार्म-6, नाम विलोपन के लिए फार्म-7 तथा संशोधन/शिफ्टिंग के लिए फार्म-8 भरवाए जाएंगे।
उपायुक्त ने सभी ईआरओ एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त होने वाले आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा साप्ताहिक स्तर पर चेकलिस्ट नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जाए। साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को इसकी जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने यह भी बताया कि खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल किया जा सके।
इस अवसर पर एसडीएम नूंह अंकिता पुवार, एसडीएम पुन्हाना कंवर आदित्य विक्रम, बीजेपी से दिनेश नागपाल, आईएनएलडी से इब्राहिम पहलवान, कांग्रेस से आशिफ अली, जेजेपी से नासीर हुसैन मौजूद आदि रहे।
