नूंह में चार माह का भ्रूण मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी।
City24News/अनिल मोहनिया
नूंह | नूंह जिले में गुरुवार को मानवता को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई। बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे पुराना नलहड रोड स्थित वाल्मीक मोहल्ला में चार माह का भ्रूण मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और तुरंत डायल 112 पर पुलिस को जानकारी दी गई।
सूचना पाकर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नूंह में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है। साथ ही आवश्यक कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं और कुछ समय के लिए मौके पर भीड़ भी जुटी रही। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की।
सिटी थाना नूंह के एसएचओ ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि भ्रूण को यहां किसने और किन परिस्थितियों में फेंका। इसके लिए आसपास के क्षेत्र की जानकारी जुटाई जा रही है तथा संदिग्ध पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
