धार्मिकता से व्यक्ति मानवीय गुणों को धारण करता है-रजेश नागर 

0
  • विधायक राजेश नागर ने बल्लभगढ़ के सेक्टर दो में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में की शिरकत 
  • बोले, करोड़ों भारतीयों के आराध्य श्री रामलला 22 जनवरी को अपने भव्य मंदिर में पधारेंगे

city24news@ब्यूरो
फरीदाबाद | तिगांव से भाजपा विधायक राजेश नागर ने कहा कि धार्मिकता ही व्यक्ति को मानवीय गुणों से भरकर इंसान बनाती है। धार्मिकता के बिना मनुष्य अधूरा रहता है। वह बल्लभगढ़ के सेक्टर 2 में भाजपा नेता संदीप चाहर द्वारा आयोजित सत्यनारायण कथा को संबोधित कर रहे थे।

विधायक राजेश नागर ने कहा कि 22 जनवरी को अयोध्या धाम में भगवान श्री राम लला की प्रतिष्ठा होगी। पीएम नरेंद्र मोदी के प्रयासों से करोड़ों भारतीयों की इच्छाएं पूरी होने जा रही हैं। आइए इस दिन हम सभी अपने-अपने घरों में अलाव जलाएं, दीपक जलाएं और देश की समृद्धि के लिए प्रार्थना करें। उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम हम सभी भारतीयों के आराध्य हैं। वह किसी भी जाति और धर्म के बंधनों से परे हैं, इसीलिए वह राजाराम हैं। वे प्रजापालक श्री राम हैं, जिन्होंने प्रजा की भलाई में अपना हित नहीं सोचा। वह न केवल त्याग की प्रतिमूर्ति हैं, बल्कि मर्यादा की प्रतिमूर्ति भी हैं। श्री राम के इतने भव्य मंदिर के लिए मैं आप सभी को हृदय से बधाई देता हूं।

विधायक नागर ने कहा कि जहां भी भगवान का नाम लिया जाता है, चर्चा की जाती है, वहां भगवान अवश्य कृपा करते हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन करना बहुत ही पुण्य का कार्य है। ऐसे आयोजनों में आगंतुक, प्रस्तुतकर्ता और आयोजक सभी पुण्य कमाते हैं।

नागर ने कहा कि संदीप चाहर एवं उनके परिवार ने सत्यनारायण कथा का आयोजन कर महान कार्य किया है। इसके लिए वह बधाई के पात्र हैं. हम उनके सुखी जीवन की कामना करते हैं। इस आयोजन में हजारों की संख्या में लोग जुटे और भगवान की कथा में भाग लिया. इस अवसर पर सरपंच मिर्ज़ापुर महिपाल आर्य, पूर्व पार्षद दीपक चौधरी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे। यहां सभी के लिए भोजन प्रसाद की भी व्यवस्था की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *