नूंह की बेटी ने यूजीसी नेट क्वालीफाई कर नाम किया रोशन
City24News/अनिल मोहनिया
नूंह | खाद्य एवं पूर्ति विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारी की बेटी ने किया यूजीसी नेट क्वालीफाई, मेवात का नाम किया रोशन
नूंह (मेवात) की धरती से एक बार फिर गर्व की खबर सामने आई है। खाद्य एवं पूर्ति विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारी मनोज गोयल की बेटी वर्षा गोयल ने लाइफ साइंस विषय में यूजीसी-नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। वर्षा की इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा मेवात गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
वर्षा गोयल वर्तमान में उड़ीसा के प्रतिष्ठित एनआईटी कॉलेज, राउरकेला से मास्टर्स की पढ़ाई कर रही हैं। बताया गया है कि वह इसी वर्ष अप्रैल माह में अपनी मास्टर्स की शिक्षा पूर्ण कर लेंगी। पढ़ाई के प्रति उनकी लगन और निरंतर मेहनत का ही परिणाम है कि उन्होंने देश की कठिन परीक्षाओं में से एक यूजीसी-नेट को सफलतापूर्वक पास किया।
गौरतलब है कि यूजीसी-नेट परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद पीएचडी करने तथा विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने का मार्ग प्रशस्त हो जाता है। वर्षा की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि मेवात की बेटियां भी शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रही हैं और नई ऊंचाइयों को छू रही हैं।
परिवार में शिक्षा का माहौल भी प्रेरणादायक है। वर्षा की बड़ी बहन ऋतिका गोयल ने गत वर्ष चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। दोनों बेटियों की उपलब्धियां इस बात का प्रमाण हैं कि मेहनत, समर्पण और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों ने वर्षा गोयल और उनके परिवार को बधाई दी है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। वर्षा की सफलता निश्चित रूप से मेवात की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
