खेल नर्सरी योजना 2026-27 के तहत खेल नर्सरी स्थापित करने के लिए 15 फरवरी तक आवेदन आमंत्रित

0

City24News/अनिल मोहनिया
नूंह | खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग, हरियाणा की ओर से खेल नर्सरी योजना 2026-27 के तहत खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सरकारी स्कूलों, ग्राम पंचायतों एवं निजी शिक्षण संस्थानों से खेल नर्सरी स्थापित करने के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 फरवरी निर्धारित की गई है।

इस संबंध में उपायुक्त अखिल पिलानी ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा के खिलाडिय़ों ने अपनी खेल प्रतिभा के बल पर प्रदेश को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। इसी खेल शक्ति को और अधिक सशक्त बनाने तथा नई खेल प्रतिभाओं को उभारने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। सरकार की इस योजना का मुख्य उद्देश्य राज्य में प्रारंभिक स्तर पर खेलों को प्रोत्साहन देना तथा ग्रास रूट लेवल पर छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे लाना है।

उपायुक्त ने बताया कि जिन युवाओं में मेडल जीतने की क्षमता है, हरियाणा सरकार स्वयं उन तक पहुंचकर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध करवा रही है। प्रदेश में खेलों से जुड़े आधारभूत ढांचे एवं संसाधनों का लगातार विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने आगे बताया कि खेल विभाग द्वारा प्रदेश भर में सरकारी स्कूलों, ग्राम पंचायतों एवं निजी शिक्षण संस्थानों को खेल नर्सरियां अलॉट की जाएंगी। खेल नर्सरी योजना के अंतर्गत केवल ओलंपिक, एशियन एवं कॉमनवेल्थ गेम्स में सम्मिलित खेलों के लिए ही खेल नर्सरियां खोली जाएंगी। इच्छुक संस्थान https://haryanasports.gov.in/ पोर्टल पर 15 फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

नई खेल नर्सरियों की स्थापना से जिला के प्रतिभावान खिलाडिय़ों को विशेष लाभ मिलेगा। इससे खिलाडिय़ों को अपने घर के समीप ही बेहतर खेल सुविधाएं एवं प्रशिक्षण उपलब्ध हो सकेगा, जिससे भविष्य के उत्कृष्ट खिलाड़ी तैयार होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *