आईएमटी सोहना में भूमि अधिग्रहण के बाद बीपीएल प्लॉटों की मांग को लेकर डीसी से मिले खेडली कंकर के भूमिहीन परिवार।

0

City24News/अनिल मोहनिया
नूंह | नूंह जिले के इंडरी खंड के गांव खेडली कंकर के गरीब एससी, बीसी और बीपीएल परिवारों के लोग अपनी मांगों को लेकर जिला सचिवालय पहुंचे और उपायुक्त अखिल पिलानी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि आईएमटी सोहना रोजका मेव परियोजना के लिए गांव की लगभग 800 एकड़ ग्राम पंचायत भूमि का अधिग्रहण किया जा चुका है, जिसके बाद पंचायत के पास अब कोई खाली जमीन शेष नहीं बची है।

हाजी शोहराब ,मोहम्मद यूसुफ , हाजी जमले, कमल प्रकाश ग्रामीणों के अनुसार, सरकारी योजना के तहत गांव के बीपीएल, एससी और बीसी वर्ग के भूमिहीन परिवारों को 100-100 गज के प्लॉट दिए जाने थे। लेकिन भूमि अधिग्रहण के कारण ग्राम पंचायत के पास अब जमीन नहीं बची कि पात्र परिवारों को प्लॉट आवंटित किए जा सकें। इस समस्या को लेकर जब ग्रामीण एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों से मिले तो उन्हें जिला प्रशासन से संपर्क करने की सलाह दी गई।

इसी के चलते भूमिहीन और गरीब परिवारों के लोग जिला सचिवालय पहुंचे और डीसी को अपनी समस्या से अवगत कराया।

उन्होंने मांग की कि आईएमटी सोहना रोजका मेव के लिए अधिग्रहित की गई जमीन में से लगभग 7 से 8 एकड़ भूमि अलग रखी जाए, ताकि पात्र परिवारों को 100-100 गज के प्लॉट आवंटित किए जा सकें।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि सरकार उनकी इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेती है तो गांव के दर्जनों गरीब और भूमिहीन परिवारों को आवास के लिए स्थायी समाधान मिल सकेगा। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *