नूंह जिले में शिक्षा गुणवत्ता सुधार की दिशा में लगातार प्रयास – जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा

0

– बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी, स्कूल अनुशासन व शिक्षकों की जवाबदेही पर विशेष जोर
– जिला शिक्षा अधिकारी ने पत्रकारों से बातचीत में दी जानकारी
City24News/अनिल मोहनिया

नूंह | जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा ने कहा कि जिला नूंह में शिक्षा के स्तर में सुधार लाने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। सेकेंडरी शिक्षा के साथ-साथ प्राइमरी शिक्षा स्तर पर भी विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति सुनिश्चित करने के लिए विभाग लगातार कार्य कर रहा है।

 लघु सचिवालय के सभागार में मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि विद्यालयों की नियमित विजिट की जा रही है। खंड शिक्षा अधिकारियों, सीआरसी हेड्स एवं शिक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे बच्चों को समय पर स्कूल लाने, पाठ्यक्रम पूरा कराने तथा प्री-बोर्ड परीक्षाएं आयोजित करने पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने बताया कि सभी स्कूलों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी शिक्षक समय पर विद्यालय पहुंचें और निर्धारित समय पर ही विद्यालय छोड़ें। यदि किसी शिक्षक को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कोई कार्य है तो वह स्कूल समय समाप्त होने के बाद ही कार्यालय आएं, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। उन्होंने बताया कि शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में किसी भी प्रकार का कोई कार्य लंबित मामला नहीं है। सभी कार्य निष्पक्ष व पारदर्शी ढंग से समय पर निपटाएं जाते हैं। अध्यापकों से संबंधित एसीपी, एलटीसी, मेडिकल रिम्बर्समेंट सहित अन्य आवश्यक कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाते हैं। इसके अलावा जिन फाइलों या केसों का मामला मुख्यालय स्तर पर निपटाया जाना है, उन्हें निर्धारित समय पर मुख्यालय भी भिजवाया जाता है। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में कक्षा 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं आयोजित होने वाली हैं, जिसके लिए स्कूल अध्यापकों द्वारा विद्यार्थियों को निरंतर अभ्यास कराया जा रहा है ताकि परीक्षा परिणाम बेहतर रहे। इसके लिए बीईओ के माध्यम से सभी स्कूलों में प्रश्न-पत्र उपलब्ध करवा दिए गए हैं, जिनके आधार पर विद्यार्थियों की नियमित तैयारी करवाई जा रही है। जिला शिक्षा अधिकारी ने अंत में कहा कि प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि इस बार भी बोर्ड परीक्षाएं पूर्णत: नकल-रहित, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से सम्पन्न हों। इस अवसर पर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सगीर व एफएलएन कोर्डिनेटर डा. कुसुम मलिक भी उपस्थित रही। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *