नकल रहित व पारदर्शी ढंग से करवाई जाएंगी बोर्ड परीक्षाएं : उपायुक्त अखिल पिलानी
– विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है नकल मुक्त परीक्षा
City24News/अनिल मोहनिया
नूंह | जिला उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि जिले में होने वाली बोर्ड परीक्षाएं पूर्ण रूप से नकल रहित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाई जाएंगी। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं और सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में शिक्षा अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उपायुक्त ने कहा कि भिवानी बोर्ड द्वारा जारी सूची तथा स्कूल शिक्षा विभाग से प्राप्त फीडबैक के आधार पर संवेदनशील परीक्षा केंद्रों की पहचान कर ली गई है। ऐसे केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू रहेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर विद्यालय के प्राचार्य ही मुख्य अधीक्षक होंगे और वे यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी अनधिकृत व्यक्ति स्कूल परिसर में प्रवेश न करे। पर्यवेक्षण एवं अधीक्षक की भूमिका में स्थानीय स्तर पर शिक्षकों की तैनाती पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी प्रकार के दागी/संदिग्ध कर्मचारी की तैनाती नहीं की जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन की उपस्थिति पर विशेष सख्ती बरती जाएगी, क्योंकि प्रश्नपत्र लीक और आपत्तिजनक वीडियो का यह मुख्य कारण रहा है। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि अपने विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ परीक्षा केंद्र तक जाने वाले शिक्षकों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, क्योंकि इसका उद्देश्य नकल कराना पाया गया है।
उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र के भीतर स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन अथवा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक या संचार उपकरण के कब्जे, उपयोग या प्रसार पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि परीक्षा से पूर्व सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया जाए तथा टूटे हुए दरवाजे, खिड़कियां, वेंटिलेटर, बाउंड्री वॉल या अन्य कमजोर प्रवेश बिंदुओं की मरम्मत सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही परीक्षा अवधि के दौरान 200 मीटर की परिधि में फोटोस्टेट, स्कैनिंग या प्रिंटिंग मशीनों का संचालन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
उन्होंने कहा कि निर्धारित परीक्षा कक्षों के अलावा विद्यालय के सभी अन्य कक्ष, जैसे स्टाफ रूम, स्टोर रूम और खाली कक्षों को पूरी परीक्षा अवधि के लिए बंद एवं सील किया जाएगा।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त संख्या में निरीक्षक एवं फ्लाइंग स्क्वॉड टीमों की तैनाती की जाएगी, जो केंद्र के अंदर और बाहर औचक निरीक्षण करेंगी। फ्लाइंग स्क्वॉड की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आई-कार्ड व्यवस्था लागू की जाएगी, ताकि फर्जी टीमों पर रोक लगाई जा सके।
उन्होंने कहा कि जिन परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे उपलब्ध हैं, उन्हें पूरी तरह क्रियाशील रखा जाएगा तथा किसी भी शिकायत या संदेह की स्थिति में फुटेज सुरक्षित रखी जाएगी।
उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत मुख्य अधीक्षक या पर्यवेक्षक द्वारा जिला स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम अथवा संबंधित प्राधिकरण को दी जाए।
अंत में उपायुक्त ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की कि वे पूरी ईमानदारी और अनुशासन के साथ परीक्षा में सम्मिलित हों। उन्होंने कहा कि नकल मुक्त परीक्षा ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।
