उपायुक्त अखिल पिलानी ने जिला में उच्च शिक्षा व्यवस्था को लेकर की समीक्षा बैठक

0

– युवाओं के भविष्य और रोजगार से सीधे जुड़ी हुई है उच्च शिक्षा : उपायुक्त अखिल पिलानीे 
– उच्च शिक्षा से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं की जाएगी बर्दाश्त
City24News/अनिल मोहनिया

नूंह | जिला में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त अखिल पिलानी की अध्यक्षता में लघु सचिवालय के सभागार में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के राजकीय एवं निजी महाविद्यालयों के प्राचार्य, उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने महाविद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, प्राध्यापकों की उपलब्धता, परीक्षा परिणाम, पाठ्यक्रम की प्रगति तथा आधारभूत सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि महाविद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन एवं अकादमिक वातावरण को प्राथमिकता दी जाए।

उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि उच्च शिक्षा युवाओं के भविष्य और रोजगार से सीधे जुड़ी हुई है। उन्होंने महाविद्यालयों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियों, समयबद्ध कक्षाओं, करियर मार्गदर्शन, कौशल विकास एवं प्लेसमेंट से जुड़े कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।

बैठक में महाविद्यालयों में पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, स्मार्ट क्लासरूम, आईटी संसाधनों, स्वच्छता, पेयजल, बिजली व्यवस्था और छात्र सुविधाओं पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि जिन महाविद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं की कमी है, वहां शीघ्र सुधार कार्य सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने छात्रवृत्ति योजनाओं, ऑनलाइन सेवाओं एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से विद्यार्थियों को अधिकतम लाभ पहुंचाने पर भी जोर दिया। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि उच्च शिक्षा से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अंत में उपायुक्त ने सभी महाविद्यालयों को आपसी समन्वय एवं जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए जिले में उच्च शिक्षा के स्तर को और ऊंचा उठाने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *