छह पटवारियों को बहाल करने की मांग को पटवारियों की दूसरे दिन भी रही हड़ताल
City24News/सुनील दीक्षित
कनीना | हरियाणा में क्षतिपूर्ति पोर्टल पर गलत जानकारी अपलोड करने प्रदेश सरकार की ओर से बीते समय छह पटवारियों को निलंबित किया गया था। सरकार ने माना था कि पटवारियों ने फसल खराबा की एक ही फोटो पर बार-बार अपलोड कर गलत वेरिफिकेशन की थी। जिसे लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री की ओर से कार्य में अनियमितताएं बरतने के आरोप में भू-राजस्व विभाग के छह पटवारियों के विरूद्ध कार्रवाई की थी। इन पटवारियों को बहाल करने की मांग को लेकर कनीना तहसील के कानूनगो सर्किल धनौंदा व कनीना के सभी पटवारी एवं कानूनगो मंगलवार को दूसरे दिन भी को सांकेतिक हड़ताल पर रहे। पटवार कानूनगो एसोसिएशन के प्रधान शमशेर सिंह पटवारी ने बताया कि पटवारियों को बहाल करने की मांग को लेकर कल बुधवार तक उनकी ओर से जिला मुख्यालय पर धरना जारी रहेगा। जिसमें जिलेभर के पटवारी एवं कानूनगो हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि पटवारियों को बहाल नहीं किया गया तो आंदोलन का मार्ग अपनाना पडेगा। दूसरी ओर पटवारियों की हड़ताल के चलते भूमि पंजीकरण कार्य लंबित रहा वहीं नागरिकों के विभिन्न प्रकार के आवेदनों पर हस्ताक्षर न होने से अटक गए।
